खबर

37 साल पुराना दूरदर्शन का वो शो, जिसके आए 1508 एपिसोड, हेमा मालिनी-शर्मीला टैगोर आईं नजर, इसी से शुरू होती थी संडे मॉर्निंग | this 37 year old doordarshan show hema sharmila madhoo seen highest trp rating made every sunday morning special



एक समय था जब रविवार की सुबह का मतलब परिवार के साथ टीवी के सामने बैठना और दूरदर्शन पर फिल्मी गीतों का इंतजार करना होता था. उस दौर में न ओटीटी प्लेटफॉर्म थे, न यूट्यूब और न ही आज की तरह ढेरों म्यूजिक चैनल. ऐसे में ‘रंगोली’ लोगों के लिए मनोरंजन का खास जरिया था. सुबह 8 बजे शुरू होने वाले इस कार्यक्रम में हिंदी फिल्मों के पुराने और नए गाने दिखाए जाते थे. हेमा मालिनी से शुरू हुआ इसका सफर कई कलाकारों तक पहुंचा. बीते वर्षों में कई लोकप्रिय अभिनेत्रियों ने इसकी मेजबानी की और शो ने दर्शकों के बीच अपनी अलग पहचान बनाए रखी.

हेमा मालिनी ने की थी शुरुआत, फिर शर्मिला टैगोर बनीं चेहरा

दूरदर्शन पर ‘रंगोली’ की शुरुआत 1989 में हुई थी. कार्यक्रम का मकसद दर्शकों को हिंदी फिल्मों के लोकप्रिय गीतों से जोड़ना था. अभिनेत्री हेमा मालिनी ने शो की शुरुआती मेजबानी की और उनके साड़ी वाले पारंपरिक अंदाज ने कार्यक्रम को एक अलग पहचान दी. इसके बाद दिग्गज अभिनेत्री शर्मिला टैगोर ने ‘रंगोली’ की कमान संभाली. उस समय किसी बड़े फिल्म स्टार का टीवी शो से जुड़ना अपने आप में खास बात हुआ करता था. यही वजह थी कि दर्शकों के बीच कार्यक्रम को लेकर काफी उत्सुकता रहती थी.

मयूरी कांगो से लेकर इंदर कुमार तक ने संभाली जिम्मेदारी

शर्मिला टैगोर के बाद अभिनेत्री मयूरी कांगो शो की होस्ट बनीं. उस दौर में वह फिल्म पापा कहते हैं और घर से निकलते ही जैसे गीतों की वजह से दर्शकों के बीच पहचानी जाती थीं. ‘रंगोली’ की एक खास बात इसका फॉर्मेट भी था. कार्यक्रम के शुरुआती करीब 45 मिनट में पुराने फिल्मी गीत दिखाए जाते थे, जबकि आखिरी 15 मिनट में नए गानों को जगह मिलती थी. युवा दर्शकों को खास तौर पर इस आखिरी हिस्से का इंतजार रहता था. इंदर कुमार इस कार्यक्रम को होस्ट करने वाले इकलौते पुरुष एंकर रहे. उनके बाद भी शो की मेजबानी का सिलसिला कई अभिनेत्रियों के साथ आगे बढ़ा.

प्राची शाह, श्वेता तिवारी और कई चेहरों ने सजाई रविवार की सुबह

समय के साथ ‘रंगोली’ के होस्ट भी बदलते रहे. प्राची शाह, श्वेता तिवारी, सारा खान, स्वरा भास्कर, नीतू चंद्रा, सुरवीन चावला और हृषिता भट्ट जैसी अभिनेत्रियां भी इस कार्यक्रम से जुड़ीं. 90 के दशक में ‘रंगोली’ की लोकप्रियता काफी बढ़ गई थी. सिर्फ भारत में ही नहीं, विदेशों में रहने वाले भारतीय दर्शक भी इसे पसंद करते थे. खासतौर पर मिडिल ईस्ट और अमेरिका में रहने वाले भारतीयों के बीच यह कार्यक्रम लोकप्रिय था.

साल 1997 में ‘रंगोली’ और दूरदर्शन के एक अन्य लोकप्रिय फिल्मी गीत कार्यक्रम ‘चित्रहार’ के प्रोडक्शन को निजी कंपनियों को सौंप दिया गया. ‘रंगोली’ का प्रोडक्शन क्रिएटिव आई के धीरज कुमार को मिला, जबकि ‘चित्रहार’ की जिम्मेदारी प्लस चैनल के अमित खन्ना ने संभाली.

2014 में मिली शानदार रेटिंग, 2019 में मधु बनीं होस्ट

समय बदलने के बावजूद ‘रंगोली’ की लोकप्रियता बनी रही. साल 2014 में रविवार सुबह 8 से 9 बजे के स्लॉट में यह कार्यक्रम सबसे ज्यादा पसंद किए जाने वाले शोज में शामिल रहा और इसे शानदार रेटिंग मिली. बाद के वर्षों में स्वरा भास्कर, नीतू चंद्रा और सुरवीन चावला जैसे चेहरों ने भी शो को अपने अंदाज में पेश किया. अभिनेत्री मधु, जिन्हें फूल और कांटे जैसी फिल्मों के लिए जाना जाता है, ने अगस्त 2019 से ‘रंगोली’ की मेजबानी संभाली.

इस तरह तीन दशक से ज्यादा समय में कार्यक्रम के अंदाज और चेहरे भले बदलते रहे, लेकिन फिल्मी गीतों के साथ रविवार की सुबह को खास बनाने वाली ‘रंगोली’ की पहचान आज भी लोगों की यादों में बसी हुई है.

यह भी पढ़ें: 56 साल पुराना वो गाना, बहन की विदाई में सुनते ही भर आती हैं आंखें, राजेश खन्ना की कालजयी एक्टिंग, किशोर कुमार ने एक-एक शब्द में भरी थी जान





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button