मध्य प्रदेश

शिमला जिला परिषद के चुनाव को लेकर सियासत गर्म, सीएम सुक्खू ने जयराम ठाकुर से पूछा ये सवाल


शिमला जिला परिषद के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष चुनाव में हो रही देरी को लेकर हिमाचल प्रदेश की सियासत पूरी तरह से गरमा गई है. नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर की तरफ से दिए गए धरने और आंदोलन की चेतावनी पर अब मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने तीखा पलटवार किया है. 

मुख्यमंत्री ने दो टूक शब्दों में कहा है कि जिला परिषद का चुनाव कोई नहीं रोक सकता और यह होकर रहेगा. विपक्ष की चेतावनी का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि अगर जयराम ठाकुर धरने पर बैठना चाहते हैं, तो यह अच्छी बात है, लेकिन धरने पर बैठने से पहले उन्हें जनता को यह बताना चाहिए कि आखिर उन्हें किस बात का डर सता रहा है.

जयराम ठाकुर का सुक्खू सरकार पर हमला, ‘हर वर्ग है परेशान’

‘सदस्यों को पंचकूला ले जाने की क्या घबराहट थी?’

मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर सीधा निशाना साधते हुए सवाल किया कि जब जिला प्रशासन ने चुनाव की तारीख तय कर दी थी, तो फिर बीजेपी अपने जिला परिषद सदस्यों को रातों-रात पंचकूला क्यों ले गई थी. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आखिर ऐसी क्या घबराहट थी कि सदस्यों को राज्य से बाहर ले जाना पड़ा. कुछ सदस्य तो अभी हाल ही में राजस्थान से भी घूमकर लौटे हैं.

मुख्यमंत्री ने चुटकी लेते हुए कहा कि सदस्यों को थोड़ा और घुमा-फिरा लिया जाए, उन्हें अच्छे से दर्शन करवा दिए जाएं और उसके बाद वे आराम से चुनाव में शामिल हों, सरकार उनका पूरा स्वागत करेगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदान होने तक सदस्यों की ऐसी गतिविधियां चलती रहती हैं, लेकिन चुनाव निश्चित तौर पर होंगे क्योंकि बाकी जिलों में भी जिला परिषदें सफलतापूर्वक बन चुकी हैं.

जयराम ठाकुर ने प्रशासन पर लगाए थे गंभीर आरोप

दरअसल, यह पूरा सियासी विवाद बीते शनिवार (8 अगस्त) को तब तेज हुआ जब पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सुक्खू सरकार और शिमला जिला प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए थे. जयराम ठाकुर का कहना था कि चुनाव परिणाम घोषित हुए सवा महीने से ज्यादा का वक्त बीत चुका है, लेकिन सरकार जानबूझकर अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव लटका रही है. उन्होंने शिमला के डीसी कार्यालय पर कांग्रेस दफ्तर की तरह काम करने का आरोप लगाते हुए यहां तक कह दिया था कि अगर जल्द चुनाव नहीं हुए तो वे हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे और सड़कों पर उतरकर धरना देंगे. विपक्ष के इसी कड़े रुख के जवाब में मुख्यमंत्री ने यह करारी प्रतिक्रिया दी है.

सियासी हलचल के बीच नेरवा को मिली बड़ी सौगात

मुख्यमंत्री सुक्खू ने ये तमाम बातें सोमवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहीं. इससे ठीक पहले उन्होंने शिमला के ही नेरवा में एक नवनिर्मित अग्निशमन चौकी का वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन किया था. इलाके के लोगों के लिए यह एक बड़ी सौगात है, क्योंकि इस अग्निशमन चौकी को खोलने की घोषणा इसी साल मार्च में की गई थी. मुख्यमंत्री ने इस मौके पर अग्निशमन विभाग को दो नए दमकल वाहन भी सौंपे, ताकि नेरवा और उसके आसपास के क्षेत्रों में आगजनी या किसी भी आपात स्थिति के दौरान स्थानीय लोगों को बिना किसी देरी के तुरंत मदद पहुंचाई जा सके.

शिमला जिला परिषद चुनाव पर जयराम ठाकुर की दो टूक, ‘2 दिन में बैठक नहीं तो…’



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button