
रीवा जिले के त्योंथर क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है. सोहागी थाना क्षेत्र की सोनौरी चौकी अंतर्गत नैना नदी पुल पर एक पति ने अपनी पत्नी की हत्या की कथित साजिश रची. आरोप है कि पति ने अपने एक दोस्त के साथ मिलकर पहले पत्नी को पुल से नदी में धक्का दे दिया. जब महिला जिंदा बच गई तो आरोपियों ने शराब के धातु के केन से उसके गले पर ताबड़तोड़ वार किए. इस दौरान दंपति का तीन वर्षीय बेटा मौके पर बिलखता रहा. घटना 28 जुलाई की रात की बताई जा रही है.
पुलिस के अनुसार, आरोपी सतीश, निवासी शंकरगढ़ (उत्तर प्रदेश), का चार वर्ष पहले प्रेम विवाह हुआ था. दोनों का एक तीन वर्षीय बेटा भी है. हालांकि पारिवारिक विवाद के चलते पति-पत्नी पिछले दो वर्षों से अलग-अलग रह रहे थे. महिला पंजाब में रह रही थी और हाल ही में अपने बेटे से मिलने शंकरगढ़ आई थी.
बताया जा रहा है कि बेटे से मिलने के बाद महिला पंजाब लौटना चाहती थी. ट्रेन छूट जाने पर उसने अपने पति से प्रयागराज रेलवे स्टेशन तक छोड़ने की बात कही. आरोप है कि पति उसे प्रयागराज ले जाने के बजाय सुनसान नैना नदी पुल पर ले गया, जहां पहले से उसका एक साथी मौजूद था. दोनों ने मिलकर महिला को पुल से नीचे नदी में फेंक दिया.
नदी में गिरने के बावजूद महिला की जान बच गई. इसके बाद आरोपियों ने नीचे पहुंचकर शराब के धातु के केन से उसके गले पर लगातार कई वार किए. गंभीर रूप से घायल महिला दर्द से तड़पती रही, जबकि उसका तीन वर्षीय बेटा रोता-बिलखता रहा.
महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों को आता देख आरोपी वहां से फरार हो गए. स्थानीय लोगों ने घायल महिला को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है.
घटना की सूचना मिलते ही सोहागी थाना पुलिस सक्रिय हुई और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति सतीश और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने दोनों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
सोहागी थाना प्रभारी कमलेश साहू ने बताया कि वर्ष 2022 में दोनों का प्रेम विवाह हुआ था और 2023 में उनके बेटे का जन्म हुआ. इसके बाद दोनों के बीच अनबन शुरू हो गई. पत्नी पंजाब में रहती थी और बेटे से मिलने सोहागी आई थी. वापस लौटने के दौरान पति और उसके दोस्त ने कथित तौर पर उसे मारने की साजिश रची. दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है.
