

नई दिल्ली: लोकसभा में एंटी पेपर लीक बिल पर चर्चा के दौरान बुधवार को नेता विपक्ष राहुल गांधी ने गृह मंत्री अमित शाह पर आरोप लगाया. राहुल गांधी ने अपने भाषण के दौरान कहा कि जंतर-मंतर पर छात्रों पर गोली चलाई गई. राहुल के इस बयान को लेकर लोकसभा में हंगामा हो गया. अब बीजेपी ने इसको लेकर कांग्रेस सांसद पर हमला बोला है. भाजपा सांसद संबित पात्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कहा, ”आज राहुल गांधी के पास कोई तथ्य नहीं था. राहुल गांधी ने कहा कि छात्रों पर गोली चलाई गई थी, लेकिन भाजपा आधिकारिक रूप से कहती है कि गोली नहीं चलाई गई थी.”
संबित पात्रा ने कहा, “छात्र आंदोलन में हमारी पार्टी के नेताओं ने छात्रों से बातचीत की और उसका समाधान निकाला. 2024 में भी कानून बना था और उसमें संशोधन करके उसे और कठोर बनाया गया. लगभग 45 सांसदों ने उसमें भाग लिया था. लोकसभा में केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने इस बिल को पेश किया था. वोटिंग के माध्यम से वह कानून बना है. मैं प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद देता हूं.
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी भी इसमें शामिल हुए, लेकिन हमेशा की तरह, झूठ और असंसदीय भाषा का इस्तेमाल किया गया. संसद में राहुल गांधी ने झूठ फैलाया. ‘गोली चलाई गई’ वाली राहुल की टिप्पणी बेहद निंदनीय है. संबित पात्रा ने दावा करते हुए कहा कि कोई गोली नहीं चलाई गई. उन्होंने कहा कि किसी भी प्रदर्शन या मार्च के दौरान यदि कानून-व्यवस्था की स्थिति बनती है तो मौके पर मौजूद मजिस्ट्रेट परिस्थितियों के अनुसार निर्णय लेते हैं. उन्होंने कहा कि गृह मंत्री इस तरह की कार्रवाई का आदेश नहीं देते. ऐसे में गृह मंत्री पर लगाया गया आरोप पूरी तरह तथ्यों से परे और जनता को गुमराह करने वाला है.
संबित पात्रा ने राहुल गांधी के विदेश दौरों पर निशाना साधते हुए कहा कि गृह मंत्री आपकी तरह विदेश यात्राओं पर नहीं जाते. जब राहुल गांधी बोल रहे थे तब गृह मंत्री संसद में मौजूद थे. जितेंद्र सिंह ने बिल पेश किया. वह भी सदन में मौजूद थे.
कांग्रेस के लिए Gen G – जेन गांधी
संबित पात्रा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के लिए Gen G ‘जेन गांधी’ है. अब बीजेपी ही वह पार्टी है जो (Gen Z) युवा पीढ़ी का प्रतिनिधित्व करती है. उन्होंने कहा, राहुल गांधी ने दावा किया कि “माइक बंद कर दिया गया”, जबकि उन्होंने खुद ही अपना माइक बंद कर लिया. वह हमेशा ‘विक्टिम कार्ड’ साथ रखते हैं. सुरक्षा बलों द्वारा लड़कियों के कपड़े फाड़ने के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि CRPF और सुरक्षा बल ही ‘मां भारती’ की गरिमा की रक्षा करते हैं.





