
दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन पर मध्य प्रदेश की राजनीति गरमा गई है, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय पर छात्रों को ‘कीड़ा’ बताने का आरोप लगाया है. नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने आरोप लगाया है कि “मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने छात्रों को ‘कीड़ा’ कहा है.” हालांकि, मोहन यादव सरकार के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कांग्रेस के आरोपों को बेबुनियाद बताया है.
मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के आरोपों का मंत्री कैलाश विजवर्गीय ने जवाब देते हुए कहा कि, “मैंने ऐसा कहा ही नहीं; उन्होंने (उमंग सिंघार) जो भी आरोप लगाए हैं, वे बेबुनियाद हैं… उन्होंने छात्रों के मन में मेरी छवि खराब करने की कोशिश की… मैं उनके खिलाफ मानहानि का मुकदमा भी करूंगा.”
शहर का वातावरण बिगाड़ने की हुई कोशिश- कैलाश विजयवर्गीय
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार की तरफ से छात्रों को कीड़ा बताए जाने संबंधित लगाए गए आरोपों पर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा, “उन्होंने ऐसा कुछ नहीं कहा है, शहर का वातावरण बिगाड़ने की कोशिश की गई. इंदौर में लगभग पांच लाख बच्चे पढ़ते हैं, छात्रों के मन में मेरी छवि खराब करने की कोशिश की गई है.” मोहन के मंत्री विजयवर्गीय ने कहा कि, आवश्यकता पड़ी तो वे उमंग सिंघार पर मानहानि का मुकदमा भी दर्ज कराएंगे.
क्या हैं कांग्रेस के कैलाश विजयवर्गीय पर आरोप?
दरअसल, मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने आरोप लगाया कि, “मध्य प्रदेश विधानसभा में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने छात्रों को ‘कीड़ा’ कहा, भाजपा छात्रों के साथ हुई बर्बरता पर चर्चा नहीं चाहती. छात्रों के सम्मान और अधिकारों के मुद्दे पर कांग्रेस विधायक दल सदन में आवाज उठा रहा है. मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को छात्रों से माफी माँगनी होगी. जब तक मंत्री छात्रों से माफी नहीं माँगते, तब तक कांग्रेस विधायक दल विरोध से पीछे नहीं हटेगा.”
भोजशाला में नमाज के लिए 2 किमी दूर जगह मान्य नहीं, सरकार पर भी SC की सख्ती