
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में मौसम विभाग के रेड अलर्ट के बीच लगातार बारिश का दौर जारी है. बीती रात से रुक-रुक कर हो रही तेज बारिश का असर अब पूरे जिले में साफ दिखाई देने लगा है. पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन की घटनाएं बढ़ गई हैं, जबकि मैदानी क्षेत्रों में भी जलभराव की समस्या सामने आ रही है. खराब मौसम को देखते हुए जिला प्रशासन ने पहले ही 20 और 21 जुलाई को स्कूल, कॉलेज और अन्य शिक्षण एवं प्रशिक्षण संस्थानों में छुट्टी घोषित कर दी थी.
लगातार बारिश के कारण जिले में करीब 36 सड़कें बंद हो गई हैं. कई जगहों पर मलबा और पत्थर गिरने से यातायात पूरी तरह प्रभावित हुआ है. लोक निर्माण विभाग और प्रशासन की टीमें बंद सड़कों को खोलने के लिए युद्ध स्तर पर काम कर रही हैं. अधिकारियों का कहना है कि मौसम सामान्य होते ही सभी रास्तों को जल्द से जल्द बहाल करने की कोशिश की जा रही है.
नदी-नाले उफान पर, लोगों को सतर्क रहने की सलाह
बारिश के कारण जिले के कई नदी-नालों और खड्डों का जलस्तर तेजी से बढ़ा है. हालांकि मंडी से होकर गुजरने वाली ब्यास नदी का जलस्तर फिलहाल सामान्य बताया जा रहा है, लेकिन प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों, खड्डों और भूस्खलन प्रभावित इलाकों से दूर रहने की अपील की है. प्रशासन का कहना है कि थोड़ी सी लापरवाही भी जान-माल के लिए खतरा बन सकती है.
मंडी-पठानकोट सुपर हाईवे पर नारला क्षेत्र में भारी बारिश के बाद सड़क किनारे बने डंगे और सड़क में गहरी दरारें पड़ गई हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि फोरलेन निर्माण में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया, जिसकी वजह से अब डंगा कभी भी धंस सकता है. इससे सड़क के साथ बने घरों पर भी खतरा मंडरा रहा है. लोगों ने निर्माण कंपनी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए इसे मानवजनित आपदा का खतरा बताया है और जल्द स्थायी समाधान की मांग की है.
नौहली-गलमाठा सड़क बनी झील, लोगों की बढ़ी परेशानी
पधर उपमंडल के नौहली-गलमाठा सड़क मार्ग पर भी बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. सड़क पर जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण पूरा रास्ता पानी से भर गया है और सड़क किसी झील जैसी दिखाई दे रही है.
इससे ग्रामीणों को रोजमर्रा के कामों के लिए आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते ड्रेनेज की व्यवस्था की गई होती तो यह स्थिति नहीं बनती.
Chamba News: पांगी में बादल फटने से मची तबाही, बाढ़ में फंसे 20 मजदूर, रेस्क्यू कर बचाई गई जान
प्रशासन की अपील- अनावश्यक यात्रा से बचें
जिला प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा नहीं करने की अपील की है. साथ ही पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से भूस्खलन संभावित स्थानों से दूर रहने और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन तथा आपदा प्रबंधन विभाग को तुरंत सूचना देने को कहा गया है.
मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों तक भारी बारिश जारी रहने की संभावना जताई है, ऐसे में लोगों को पूरी सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है.
