

दिल्ली में आज मंगलवार, 21 जुलाई को कई रास्तों पर ब्लॉक या जाम की स्थिति हो सकती है. सोमवार को जहां CJP यानी कॉकरोच जनता पार्टी के प्रोटेस्ट को लेकर कई सड़कें प्रभावित थीं, तो वहीं आज मंलवार को ‘देश बचाओ मोर्चा’ (Desh Bachao Morcha) के प्रदर्शन और रैली के चलते रास्ते प्रभावित रहने की आशंका है. इसको लेकर दिल्ली पुलिस ने ट्रैफिक एडवायजरी जारी की है. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, नई दिल्ली स्थित किसान घाट (Kishan Ghat) पर होने वाले इस प्रदर्शन के कारण सुबह से शहर के कई प्रमुख रास्तों पर ट्रैफिक प्रतिबंध और रूट डायवर्जन लागू है.
अगर आप घर से दफ्तर के लिए निकल रहे हैं, स्कूल-कॉलेज के लिए निकल रहे हैं या किसी अन्य जरूरी काम से जाने वाले हैं, तो ये खबर जरूर पढ़ लें. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने आम लोगों, खासकर स्टेशन और एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा की योजना समय से पहले बनाएं.
आज कौन-से रास्ते रहेंगे प्रभावित?
ट्रैफिक एडवाइजरी के मुताबिक, इन मार्गों पर यातायात प्रभावित रहने की संभावना है:
- सत्याग्रह मार्ग (Satyagrah Marg)
- वेलोड्रोम रोड (Velodrome Road)
- राजघाट डीटीसी डिपो रोड (Rajghat DTC Depot Road)
- राजघाट डीटीसी बाईपास रोड (Rajghat DTC Bypass Road) और आसपास के इलाके
इन जगहों से ट्रैफिक को किया जा सकता है डायवर्ट
यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए पुलिस इन जगहों से वाहनों को डायवर्ट कर सकती है:
- दिल्ली गेट (Delhi Gate)
- राजघाट क्रॉसिंग (Rajghat Crossing)
- गुरु नानक चौक (Guru Nanak Chowk)
- शांतिवन चौक (Shantivan Chowk)
- राजघाट डीटीसी डिपो (Rajghat DTC Depot)
- आई.पी. फ्लाईओवर (IP Flyover)
इन बातों का ध्यान रखें लोग
- समय से पहले निकलें: रेलवे स्टेशन या एयरपोर्ट जाने वाले यात्री जाम से बचने के लिए समय से काफी पहले घर से निकलें.
- सड़क किनारे पार्किंग से बचें: वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें। सड़क किनारे गाड़ी खड़ी करने से यातायात में बाधा आ सकती है.
- नेविगेशन ऐप्स का प्रयोग करें: ट्रैफिक की रियल-टाइम स्थिति जानने के लिए गूगल मैप्स या अन्य नेविगेशन ऐप्स का उपयोग करें.
हेल्पलाइन और सोशल मीडिया
ट्रैफिक पुलिस ने कहा है कि किसी भी सहायता या अपडेट के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के व्हाट्सएप नंबर 8750871493 या हेल्पलाइन नंबर 1095 / 011-25844444 पर संपर्क किया जा सकता है. इसके अलावा X (@dtptraffic) और वेबसाइट पर भी जानकारी उपलब्ध है. ट्रैफिक पुलिस ने चालकों से धैर्य बनाए रखने और मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है.
ये भी पढ़ें: किराएदारों से एंट्री-एग्जिट फीस वसूल रही सोसाइटी, क्या हैं RWA के नियम और कहां करें शिकायत?





