
दिल्ली:
Goods Train Derailment Delhi: दिल्ली मंडल के गाजियाबाद-नई दिल्ली रेलखंड पर मंगलवार को बड़ा रेल हादसा हो गया, जब एक मालगाड़ी के छह लदे हुए डिब्बे पटरी से उतर गए. दुर्घटना साहिबाबाद से नई दिल्ली की ओर लगभग एक किलोमीटर पहले हुई, जिसके चलते इस व्यस्त रेल मार्ग पर रेल यातायात प्रभावित हो गया. हादसे के बाद रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए और राहत एवं बहाली कार्य शुरू कर दिया गया. उत्तर रेलवे के अनुसार घटना में किसी यात्री या रेलकर्मी के घायल होने की सूचना नहीं है. हालांकि इस घटना का असर व्यापक रहा और कुल 53 ट्रेनें प्रभावित हुईं, जिनमें कई ट्रेनों को रद्द, डायवर्ट और आंशिक रूप से रद्द करना पड़ा.
मालगाड़ी के छह डिब्बे पटरी से उतरे
रेलवे अधिकारियों के अनुसार गाजियाबाद और नई दिल्ली के बीच चल रही एक मालगाड़ी के छह लोडेड वैगन अचानक पटरी से उतर गए. हादसे के तुरंत बाद रेलवे प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया. डिविजनल रेलवे मैनेजर (DRM), एडीआरएम और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा ट्रैक बहाली का कार्य शुरू कराया गया.

Goods Train Derailment Delhi: पटरी से उतरी मालगाड़ी
कोई जनहानि नहीं, लेकिन रेल यातायात प्रभावित
उत्तर रेलवे ने स्पष्ट किया है कि दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि या चोट की सूचना नहीं है. हालांकि दुर्घटना के कारण दिल्ली-गाजियाबाद रेलखंड पर ट्रेनों का संचालन प्रभावित हो गया, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. कई यात्रियों को स्टेशन पर इंतजार करना पड़ा, जबकि कुछ को वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ा.

Goods Train Derailment Delhi: रेल यात्री ध्यान दें
24 ट्रेनों का बदला गया रूट
रेलवे प्रशासन ने परिचालन बनाए रखने के लिए 24 ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित किया है. इन ट्रेनों को दिल्ली और नई दिल्ली के वैकल्पिक रूट से चलाया जा रहा है, ताकि प्रभावित सेक्शन पर दबाव कम किया जा सके.
16 यात्री ट्रेनें रद्द
हादसे के बाद रेलवे ने 16 यात्री ट्रेनों को रद्द कर दिया है. रद्द की गई ट्रेनों में गाजियाबाद-दिल्ली, दिल्ली-साहिबाबाद, साहिबाबाद-दिल्ली और नई दिल्ली-गाजियाबाद सेक्शन की कई लोकल और पैसेंजर ट्रेनें शामिल हैं.
5 ट्रेनें आंशिक रूप से रद्द
रेलवे ने पांच यात्री ट्रेनों को आंशिक रूप से रद्द किया है. कुछ ट्रेनों को गाजियाबाद से ही शुरू या समाप्त किया गया, जबकि कुछ सेवाओं का संचालन सीमित दूरी तक किया गया.
8 ट्रेनों का संचालन नियंत्रित
आनंद विहार की ओर जाने वाली आठ ट्रेनों को विभिन्न सेक्शनों में रेगुलेट किया गया है. रेलवे के अनुसार इन ट्रेनों को नियंत्रित गति से चलाया जा रहा है ताकि रेल यातायात को व्यवस्थित रखा जा सके.

Goods Train Derailment Delhi: इतनी गाड़ी प्रभावित
कुल 53 ट्रेनें हुईं प्रभावित
रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार:
- 24 ट्रेनें डायवर्ट
- 16 ट्रेनें रद्द
- 5 ट्रेनें आंशिक रूप से रद्द
- 8 ट्रेनें रेगुलेट
इस तरह कुल 53 ट्रेनें प्रभावित हुई हैं.
बहाली कार्य जारी
रेलवे की इंजीनियरिंग और तकनीकी टीम मौके पर ट्रैक बहाली के कार्य में जुटी हुई है. अधिकारियों का कहना है कि प्राथमिकता के आधार पर ट्रैक को जल्द से जल्द चालू करने का प्रयास किया जा रहा है. फिलहाल यात्रियों को यात्रा से पहले अपनी ट्रेन का स्टेटस जांचने और रेलवे द्वारा जारी अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है.
यह भी पढ़ें : दिल्ली में झमाझम बारिश, कल भी बारिश का अलर्ट, चमक-गरज के साथ 50 किमी की रफ्तार से आ सकती है आंधी
यह भी पढ़ें : NEET रिजल्ट के बाद खान सर ने गर्दा उड़ा दिया; भोजपुरी सॉन्ग में स्टूडेंट्स के साथ लगी ‘पंचायत’, देखिए VIDEO
यह भी पढ़ें : CJP प्रदर्शन के दौरान कनॉट प्लेस में हुए बवाल और तोड़फोड़ को लेकर दर्ज हुई FIR
यह भी पढ़ें : बुलेटप्रुफ जैकेट में हथियारों के साथ 3 बदमाश आए; दिनदहाड़े दुकान से लाखों के गहने लूटकर हुए फरार, पालघर की घटना





