खबर

कौन हैं अमेरिका में गिरफ्तार टेट ब्रदर्स? ‘मर्दानगी’ सिखाने का दावा, लेकिन रेप और सेक्स ट्रैफिकिंग के आरोप | Who is Andrew Tate and his brother Tristan Tate Arrested On Rape Trafficking Charges Controversies Explained



किकबॉक्सर से नफरती सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर बने एंड्रयू टेट और उनके भाई ट्रिस्टन टेट को अमेरिका के मियामी में गिरफ्तार कर लिया गया है. UK के अधिकारियों ने दोनों बदनाम भाइयों पर लगे रेप और सेक्स ट्रैफिकिंग के नए आरोपों के बाद उनके प्रत्यर्पण (गिरफ्तार करके UK भेजने) की मांग की थी. इसके बाद दोनों भाइयों को US मार्शल्स ने शनिवार को जेम्स एल नाइट सेंटर के बाहर हिरासत में ले लिया. यहां दोनों वबेयर-नकल बॉक्सिंग इवेंट में शामिल होने गए थे. आज हम आपको इन दोनों पर लगे संगीन आरोपों के बारे में बताएंगे.

कई देशों की पुलिस इनके पीछे पड़ी

UK की क्राउन प्रॉसिक्यूशन सर्विस ने दोनों भाइयों के खिलाफ 38 नए आरोपों को मंजूरी दी है. 39 साल के एंड्रयू पर अब 42 आरोप हैं, जबकि 38 साल के ट्रिस्टन पर 17 आरोप हैं. इन आरोपों में रेप, यौन शोषण के लिए मानव तस्करी और बच्चे की अश्लील तस्वीरों से जुड़े अपराध शामिल हैं. दोनों भाई पहले से ही UK और रोमानिया में कई आपराधिक जांचों का सामना कर रहे हैं. वे 2016 में रोमानिया चले गए थे.

चार महिलाओं ने एंड्रयू टेट पर शोषण का आरोप लगाया

UK में, चार महिलाओं ने एंड्रयू टेट पर 2013 और 2015 के बीच शारीरिक और यौन शोषण का आरोप लगाया है. दो महिलाओं का कहना है कि जब कथित शोषण हुआ, तब वे एंड्रयू टेट के साथ रोमांटिक रिश्ते में थीं. बाकी दो महिलाओं का कहना है कि वे उनके ऑनलाइन वेबकैम बिजनेस के लिए काम करती थीं और काम के दौरान उनका शोषण किया गया.

महिलाओं ने एंड्रयू टेट से मुआवजे की मांग करते हुए एक सिविल मुकदमा दायर किया है. दोनों भाइयों ने सभी आरोपों से इनकार किया है. जून में, UK के हाई कोर्ट ने एंड्रयू और ट्रिस्टन टेट की उस मांग को खारिज कर दिया था जिसमें उन्होंने उन महिलाओं की पहचान उजागर करने को कहा था, जिन्होंने उन पर गंभीर आरोप लगाए थे.

रोमानिया में मानव तस्करी और रेप का मामला

रोमानियाई अधिकारियों ने दिसंबर 2022 में टेट भाइयों को गिरफ्तार किया था. उन पर क्राइम गैंग बनाने, मानव तस्करी और रेप का आरोप था. सरकारी अभियोजकों का आरोप था कि वे महिलाओं को रोमानिया बुलाते थे और उनसे एडल्ट कंटेंट बनवाने के लिए मजबूर करते थे. भाइयों ने सभी आरोपों से इनकार किया.

इन भाइयों पर अपने ऑनलाइन बिजनेस से हुई लगभग 21 मिलियन ब्रिटिश पाउंड की कमाई पर टैक्स न चुकाने का भी आरोप है. UK में डेवोन और कॉर्नवाल पुलिस के अनुसार, भाइयों ने कथित तौर पर 2014 और 2022 के बीच किसी भी देश में इस इनकम पर टैक्स नहीं चुकाया.

‘वॉर रूम’ और “पिम्पिंग होज डिग्री” विवाद

एंड्रयू टेट ‘वॉर रूम’ नाम का एक प्राइवेट ऑनलाइन ग्रुप चलाते थे, जिसमें शामिल होने के लिए मेंबर सालाना लगभग $8,000 देते थे. लीक हुए चैट मैसेज के अनुसार, इस ग्रुप को पुरुषों को सफल और स्वतंत्र बनने का तरीका सिखाने वाली जगह के तौर पर पेश किया जाता था. हालांकि, जांचकर्ताओं का आरोप है कि इसके कुछ लेसन में सदस्यों को सिखाया जाता था कि कैसे महिलाओं को हेर-फेर करके ऑनलाइन सेक्स वर्क में धकेला जाए.

इनमें से एक कोर्स का नाम “पिम्पिंग होज डिग्री” (PhD) था. इसमें टेट ने कथित तौर पर बताया था कि महिलाओं के साथ रोमांटिक रिश्ते कैसे शुरू करें, उनका भरोसा कैसे जीतें और फिर उन पर एडल्ट कंटेंट बनाने के लिए दबाव कैसे डालें. एंड्रयू ने कोर्स में समझाया था, “तुम्हें उनके साथ सेक्स करना होगा, और उन्हें तुमसे प्यार करना होगा. यह बिजनेस के लिए जरूरी है.”

सोशल मीडिया से बैन

एंड्रयू टेट को यूट्यूब, टिकटॉक और इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म से हटा दिया गया, क्योंकि उनकी पोस्ट हेट स्पीच और हार्मफुल कंटेंट से जुड़े नियमों का उल्लंघन करती पाई गईं.

यह भी पढ़ें: अमेरिका में रह रही भारतीय महिला ने स्टूडेंट को दिया सक्सेस मंत्र, आपको जरूर जानना चाहिए




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button