

सऊदी अरब की राजधानी की सबसे ऊंची गगनचुंबी इमारत पर कुछ ही दिनों के भीतर मंगलवार को दूसरी बार हमला हुआ, जिसमें 11 लोग घायल हो गए. यमन के हूती विद्रोहियों से लड़ रहे गठबंधन ने इसे एक आतंकवादी हमला करार दिया है. हम बात कर रहे हैं रियाद में मौजूद 80 मंजिला ‘पब्लिक इन्वेस्टमेंट फंड टॉवर’ (PIF टॉवर) की, जिसपर निशाना बनाकर हमला किया गया था. इसी बिल्डिंग में सऊदी अरब का सॉवरेन वेल्थ फंड (सरकारी निवेश कोष) स्थित है और यह रियाद के ‘किंग अब्दुल्ला फाइनेंशियल डिस्ट्रिक्ट’ (KAFD) की सबसे प्रमुख बिल्डिंग है.
पिछले गुरुवार को भी इस इमारत पर हमला हुआ था. जुलाई में ईरान समर्थित हूतियों के साथ संघर्ष फिर से शुरू होने के बाद से, यह उन कई हाई-प्रोफाइल ठिकानों में से एक है जिन्हें निशाना बनाया गया है. सऊदी गठबंधन के प्रवक्ता तुर्की अल-मल्की ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, “वित्तीय केंद्र की एक बिल्डिंग को एक कायरतापूर्ण आतंकवादी हमले में निशाना बनाया गया है.”
दो भारतीय भी घायल
सऊदी अरब के नागरिक सुरक्षा विभाग ने बाद में बताया कि इस हमले में 11 लोग घायल हुए हैं. उन्होंने इसके लिए हूतियों को जिम्मेदार ठहराया. सऊदी प्रेस एजेंसी के अनुसार, घायलों में सऊदी नागरिकों के अलावा भारतीय, नेपाली और मिस्र के लोग भी शामिल हैं. सऊदी अरब में भारतीय दूतावास ने भी बताया कि रियाद में हुए एक हमले में दो भारतीय नागरिक घायल हो गए हैं. दूतावास ने कहा कि वह इस घटना के बारे में और जानकारी जुटा रहा है.
वहीं हमले की जानकारी रखने वाले एक सूत्र ने न्यूज एजेंसी AFP को बताया कि पिछले हफ्ते हुए हमले से हुए नुकसान की मरम्मत के लिए कुछ लोग टॉवर के अंदर काम कर रहे थे, तभी इमारत पर दोबारा हमला हो गया. सूत्र ने बताया कि 11 घायलों में से कम से कम दो की हालत गंभीर है, क्योंकि वे बुरी तरह झुलस गए हैं.
यह भी पढ़ें | दुबई में बन रहा दुनिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट, 26 करोड़ यात्रियों की क्षमता, अंदर स्पेशल ट्रेन के 14 स्टेशन भी
क्यों खास है यह बिल्डिंग?
रियाद में 385 मीटर ऊंचा PIF टावर है. इसमें 80 मंजिलें हैं और यह रियाद की सबसे ऊंची इमारत है. यह किंग अब्दुल्ला फाइनेंशियल डिस्ट्रिक्ट का सबसे बड़ा लैंडमार्क है और इसमें सऊदी अरब के सरकारी निवेश कोष PIF का मुख्यालय है. इसका डिजाइन सऊदी अरब की घाटियों में मिलने वाले क्रिस्टल से प्रेरित है. इसे HOK और Omrania ने मिलकर डिजाइन किया है. इसका निर्माण 2010 में शुरू हुआ और 2021 में पूरा हुआ. इस टावर का कुल फ्लोर एरिया करीब 1.96 लाख वर्ग मीटर है. इसमें 450 सीटों वाला ऑडिटोरियम, 54वीं मंजिल पर स्विमिंग पूल और फिटनेस सेंटर है. टावर में कुल 40 लिफ्ट हैं, जिनमें 17 TWIN लिफ्ट और 11 डबल-डेक लिफ्ट हैं. इसकी बाहरी परत को इस तरह बनाया गया है कि तेज गर्मी और धूप का असर कम हो. छत पर सोलर पावर सिस्टम लगा है और इसे LEED Platinum सर्टिफिकेशन मिला है.
इस बिल्डिंग पर हमला अपने आप में एक मैसेज
PIF (पब्लिक इन्वेस्टमेंट फंड) पर हमला प्रतीकात्मक है, क्योंकि यह फंड सऊदी अरब की अर्थव्यवस्था को तेल पर निर्भरता से बाहर निकालकर उसमें विविधता लाने के प्रयासों का मुख्य आधार है। मध्य पूर्व में चल रहे युद्ध और हूतियों के हमलों के कारण इस परियोजना के सामने मुश्किलें खड़ी हो गई हैं.
यह भी पढ़ें | पहाड़ों के नीचे बन रही दुनिया की सबसे लंबी सुरंग, 58KM लंबी टनल में दौड़ेगी ट्रेन, घंटों का सफर मिनटों में





