खबर

7 साल पुरानी लव स्‍टोरी में रोड़ा बना तांत्रिक पति, पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर कटवाया सिर | bagdogra murder case wife lover arrested Siliguri Hanskhoa Tea Garden



पश्चिम बंगाल के बागडोगरा स्थित हंसखोवा चाय बागान में मिले एक अज्ञात सिर कटे शव की गुत्थी को पुलिस ने महज़ दो दिनों के भीतर सुलझा लिया है. यह खौफनाक वारदात अवैध संबंधों के चलते अंजाम दी गई थी. पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतक की पत्नी, उसके प्रेमी और तीन सहयोगियों समेत कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया है.

चाय बागान में मिला था बिना सिर का शव

सिलीगुड़ी महाकुमा परिषद के अंतर्गत आने वाले हंसखोवा चाय बागान के सेक्शन नंबर 9 में बीते मंगलवार सुबह जब मजदूर चाय पत्तियां तोड़ने पहुंचे, तो उनके होश उड़ गए. वहां खून से लथपथ एक सिर कटा शव पड़ा था. बागडोगरा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा. पहचान छिपाने के उद्देश्य से गायब किए गए सिर की तलाश में पुलिस ने रातभर अभियान चलाया.

ऐसे हुई मृतक की शिनाख्‍त

जांच आगे बढ़ी तो मृतक की श‍िनाख्‍त बिहार के किशनगंज जिले के पोठिया थाना क्षेत्र अंतर्गत उदगाड़ा निवासी इमाम (इमाम खुआ) के रूप में हुई. इमाम पेशे से एक तांत्रिक था. उसके ससुराल वाले सिलीगुड़ी में रहते थे, जिस वजह से उसकी आवाजाही इस इलाके में बनी रहती थी.

7 साल पुराना अवैध संबंध और हत्या की साजिश

पुल‍िस जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी तुम्पा घोष उर्फ मोमिना बेगम का बागडोगरा निवासी सुदीप पाल के साथ पिछले 7 वर्षों से प्रेम संबंध चल रहा था. इमाम को जब इस रिश्ते की भनक लगी और वह उनके बीच रुकावट बनने लगा, तो दोनों ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची. वारदात को अंजाम देने के लिए सुदीप ने अपने दो भतीजों निताई पाल व बापी रॉय तथा उनके दोस्त काशीनाथ पाल उर्फ पटनू को भी अपने साथ शामिल कर लिया.

95 किमी दूर बुलाकर उतारा मौत के घाट

योजना के मुताबिक, सोमवार दोपहर सुदीप पाल ने किशनगंज में मौजूद इमाम को फोन कर किसी बहाने से लगभग 95 किलोमीटर दूर बागडोगरा बुलाया. रात में आरोपियों ने धारदार हथियार से इमाम की हत्या कर दी. पहचान मिटाने के लिए उसका सिर काटकर धड़ से अलग कर दिया और शरीर को चाय बागान में फेंक दिया.

मुंशीबारी गांव से मिला सिर और हथियार

संदेह के आधार पर जब पुलिस ने मोमिना बेगम और सुदीप पाल को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की, तो पूरी साजिश का पर्दाफाश हो गया. आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने जलपाईगुड़ी और बागडोगरा के विभिन्न हिस्सों से बाकी तीन आरोपियों को भी धर दबोचा.

इसके बाद, पुलिस ने शव मिलने के स्थान से करीब 5 किलोमीटर दूर फांसीदेवा क्षेत्र के मुंशीबारी गांव के एक सुनसान इलाके से मृतक का कटा हुआ सिर और हत्या में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार बरामद कर लिया. बागडोगरा पुलिस ने गिरफ्तार पांचों आरोपियों मोमिना बेगम, सुदीप पाल, बीपी रॉय, निताई पाल और काशीनाथ पाल को शुक्रवार को सिलीगुड़ी उपजिला अदालत में पेश किया. पुलिस का कहना है कि मामले में साक्ष्य जुटाने और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी करने का काम जारी है. 

-संचिता आइच बैग की र‍िपोर्ट 

ये भी पढ़ें: IPS अनुराग कुमार: 20 साल का ‘वनवास’, वापसी के 24 घंटे में बने दिल्ली पुलिस कमिश्नर, 2 घंटे में संभाली कमान





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button