खबर

46 साल पुराना गाना, जब रेखा को ततैया ने मारा डंक तो जनता बोली थी हाय मेरी मैया, रफी-आशा की आवाज में आज भी सदाबहार | 46 year old rekha song Tataiya Ne Dank Mara Haye Mori Maiya mohammad rafi asha bhosle voice made it evergreen



नई दिल्ली:

हिंदी सिनेमा में आपको हर इमोशन के गाने सुनने को मिलते हैं. फिर वो चाहे प्यार हो, गु्स्सा हो,  दुख हो या फिर नाराजगी, इसके साथ ही कई ऐसे मजेदार गाने भी हुए हैं, जिनको सुनते ही चेहरे पर मुस्कान आ जाती है. आज हम 1980 में आए एक ऐसे ही गाने की बात करेंगे जिसको सुनने में मजा आता है और चेहरे पर एक अलग ही स्माइल. इस गाने में न कोई शायरी है और न ही रोमांस. बल्कि इस गाने को खास बनाता है इसमें होने वाली देसी ठिठोली और लोकगीत जैसी मिठास. हम बात कर रहे हैं फिल्म ‘जल महल’ के एक गाने की जिसको रेखा और जितेंद्र पर फिल्माया गया था. गाने में रेखा गांव की देसी गोरी बनी हुई हैं. 

रेखा और जितेंद्र की जोड़ी ने जमाया था रंग

हम बात कर रहे हैं फिल्म ‘जल महल’ के गाने ‘ततैया ने डंक मारा हाय मोरी मैया’ की. इस गाने को मोहम्मद रफी और आशा भोसले ने अपनी आवाज दी थी. गाने का संगीत आरडी बर्मन ने तैयार किया था और इसके बोल मजरूह सुल्तानपुरी ने लिखे थे. जो इस गाने को खास बनाते हैं. गाने के बोल में ततैया के डंक मारने की घटना को बेहद मजेदार अंदाज में पेश किया गया है. गाने के बोल हैं- ‘ततैया ने डंक मारा हाय मोरी मैया, कहीं से लाओ रे जहर उतरैया’. फूल तोड़ने गई लड़की को फूल में छिपी ततैया डंक मार देती है. इसके बाद डॉक्टर, वैद्य, झाड़ू, नींबू और काले धागे तक का जिक्र आता है. यही मजेदार अंदाज गाने को खास बनाता है. ये फिल्म 4 जुलाई 1980 को रिलीज हुई थी. 

ये भी पढ़ें: 49 साल पुराना मोहम्मद रफी का गाना, चांद बने हीरो ने हीरोइन को बताया चांदनी, आरडी का म्यूजिक, 80s के कपल ही नहीं Gen Z का भी फेवरेट

आरडी बर्मन के संगीत में लोक अंदाज का तड़का

इस गाने को खास बनाने में मोहम्मद रफी और आशा भोसले की गायिकी का भी अहम रोल है. उन्होंने जिस अंदाज से इस गाने को गाया, उसमें शरारत और मस्ती दोनों सुनाई देती हैं. मजरूह सुल्तानपुरी के बोल, आरडी बर्मन का संगीत और लता-रफी की गायिकी ने इस गाने को एक अलग ही पहचान दिलाई. फिल्म के साउंडट्रैक में लता मंगेशकर और आशा भोसले के और गाने भी शामिल थे. ‘मैं हूं दिया सूनी रात का’, ‘देख रहा कोई आज’ और ‘जिंदगी को जब हमारा गम नहीं’ इसके अलावा और भी कई गाने हैं. 

क्या थी फिल्म की कहानी और कहां हुई थी शूटिंग?

फिल्म ‘जल महल’ 4 जुलाई 1980 को रिलीज हुई थी. इसका डायरेक्टर रघुनाथ झालानी ने किया था और प्रोड्यूसर आरके सोरल थे. फिल्म में जितेंद्र और रेखा के अलावा प्राण, देवेन वर्मा, जगदीप, चांद उस्मानी और जयश्री टी ने भी काम किया था. फिल्म की कहानी शशि भूषण ने लिखी थी. फिल्म की कहानी रवि (जितेंद्र) और नमिता (रेखा) के इर्द-गिर्द घूमती है. रवि जो पेशे से एक वकील है, जो नमिता को आत्महत्या करने से बचाता है और फिर उससे प्यार करने लगता है. लेकिन नमिता की जिंदगी में कई परेशानियां हैं. कुछ समय बाद रवि को नमिता की मौत खबर मिलती है. कुछ समय बाद रवि को एक तीर्थस्थल पर एक औरत भगवा कपड़ों में भजन गाती दिखाई देती है, जिसका चेहरा नमिता से मिलता है. क्या वो नमिता ही है या कोई हमशक्ल, यही फिल्म का रहस्य है.




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button