

बॉक्स ऑफिस पर कई बार ऐसी फिल्में भी देखने को मिलती हैं. जिन्हें अपने देश में ऑडियंस का खास साथ नहीं मिलता. लेकिन दूसरे देशों में वही फिल्म रिकॉर्डतोड़ सक्सेस हासिल कर लेती है. इमरान हाशमी की एक फिल्म के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ था. भारत में ये फिल्म उम्मीदों पर खरी नहीं उतर पाई, लेकिन पड़ोसी देश पाकिस्तान में इसे जबरदस्त प्यार मिला. वहां फिल्म ने करीब 8 करोड़ रुपये का कारोबार किया और ब्लॉकबस्टर साबित हुई. आज रिलीज के 19 साल बाद भी फिल्म को पाकिस्तान में पसंद किया जाता है. और, अब देसी दर्शकों का भी इसे प्यार मिलता है.
ये भी पढ़ें: आखिर क्यों हो रहा है श्रद्धा कपूर की फिल्म ‘ईथा’ पर विवाद, हो रही है नाम बदलने की मांग
भारत में नहीं चली, बाद में बनी कल्ट फिल्म
ये फिल्म थी ‘आवारापन’, जो साल 2007 में रिलीज हुई थी. मोहित सूरी के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म में इमरान हाशमी के साथ श्रिया सरन और मृणालिनी शर्मा अहम भूमिकाओं में नजर आए थे. फिल्म की कहानी एक ऐसे शख्स के इर्द-गिर्द घूमती है, जो क्राइम की दुनिया में रहते हुए अपने लिए सच्चा प्यार तलाश रहा है. रिलीज के समय आवारापन को बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक सफलता नहीं मिली. फिल्म की कमाई भी खास नहीं रही और इसे फ्लॉप फिल्मों की लिस्ट में शामिल कर लिया गया. हालांकि इसके गानों ने लोगों के दिलों में खास जगह बना ली. ‘तो फिर आओ’, ‘तेरा मेरा रिश्ता’ और ‘माही’ जैसे गाने आज भी काफी पॉपुलर हैं. समय बीतने के साथ टीवी और ओटीटी प्लेटफॉर्म पर फिल्म को नई पहचान मिली और धीरे धीरे इसे इमरान हाशमी की सबसे बेहतरीन फिल्मों में गिना जाने लगा.
पाकिस्तान में मिली बंपर कामयाबी
आवारापन घरेलू बॉक्स ऑफिस पर दर्शकों को खींचने में कामयाब नहीं रही. लेकिन पाकिस्तान में इसका बिल्कुल उल्टा नजारा देखने को मिला. वहां फिल्म की कहानी, इमोशनल ट्रीटमेंट, इमरान हाशमी की एक्टिंग और म्यूजिक को खूब पसंद किया गया. रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म ने पाकिस्तान में करीब 8 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया. जो उस समय के हिसाब से बड़ी कमाई थी. कई सिनेमाघरों में फिल्म ने लंबे समय तक अच्छा परफॉर्म किया और इमरान हाशमी की सबसे पसंदीदा फिल्मों में शामिल हो गई. भारत में भले ही फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर कमाल नहीं दिखाया. लेकिन दूसरे प्लेटफॉर्म पर यहां भी फिल्म पसंद की गई. और धीरे धीरे कल्ट क्लासिक में तब्दील हो गई.





