

साउथ सुपरस्टार पवन कल्याण और उनकी पत्नी अन्ना कोनिडेला ने 13 साल की शादी के बाद अलग होने का फैसला लिया है. दोनों ने आपसी सहमति से यह कदम उठाया है. सोमवार देर रात जनसेना पार्टी के आधिकारिक मीडिया ग्रुप के जरिए उन्होंने एक बयान जारी कर इस बात की घोषणा की है.
क्या बोले बयान में
बयान में दोनों ने लिखा, ‘लंबे समय तक साथ रहने के बाद हमने आपसी सहमति, समझ और सम्मान के साथ अलग होने का फैसला किया है. हमारी शादी अब खत्म हो रही है, लेकिन हम हमेशा अच्छे दोस्त बने रहेंगे. बच्चों के माता-पिता के रूप में अपनी जिम्मेदारियां पूरी निष्ठा से निभाते रहेंगे. उनकी खुशी और भलाई हमारी सबसे पहली प्राथमिकता रहेगी. इस पर्सनल और इमोशनल बदलाव के समय हम सबसे अपनी भावनाओं को समझने और निजता का सम्मान करने की अपील करते हैं. इस पूरे सफर में साथ देने और प्यार बनाए रखने वाले सभी लोगों का हम दिल से शुक्रिया अदा करते हैं.’
पवन कल्याण की शादियां
पवन कल्याण और अन्ना की मुलाकात 2011 में फिल्म ‘तीन मार’ के दौरान हुई थी. करीब दो साल बाद सितंबर 2013 में दोनों ने शादी कर ली. अन्ना मूल रूप से रूस की रहने वाली हैं. इस शादी से उनके दो बच्चे हैं.
55 साल के पवन कल्याण के लिए यह तीसरी शादी थी. उन्होंने 1997 में नंदिनी से पहली शादी की थी, जो 2008 में टूट गई. इसके बाद 2009 में अभिनेत्री रेणु देसाई से शादी हुई. रेणु के साथ भी उनके दो बच्चे हैं, लेकिन 2012 में दोनों का तलाक हो गया. फिर 2013 में उन्होंने अन्ना से विवाह किया.
फिल्मों की दुनिया में पवन कल्याण 1996 से सक्रिय हैं. हाल ही में वे फिल्म ‘उस्ताद भगत सिंह’ में नजर आए थे. उनकी अगली फिल्म ‘OG 2′ जल्द सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. अभिनय के साथ-साथ वे आंध्र प्रदेश की राजनीति में भी सक्रिय हैं और राज्य के उप मुख्यमंत्री का पद संभाल रहे हैं.
यह भी पढ़ें | नक्सली बनना चाहते थे पवन कल्याण! बोले- मैं बंदूक उठाना चाहता था लेकिन भाई चिरंजीवी ने आकर खोल दी आंखें





