
हिमाचल प्रदेश के रामपुर उपमंडल में मानसून की पहली ही तेज बारिश ने जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है. क्षेत्र में कई संपर्क मार्ग बाधित हो गए हैं, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. बारिश के चलते गानवी खड्ड में जलस्तर बढ़ने से अस्थायी पुल क्षतिग्रस्त हो गया है, जबकि समेज खड्ड में आई अचानक बाढ़ से सड़कें जलमग्न हो गईं और यातायात प्रभावित हुआ है.
गानवी, क्याओ और कूट पंचायत क्षेत्रों में मानसून बनी आफत
रामपुर उपमंडल के गानवी, क्याओ और कूट पंचायत क्षेत्रों में मानसून की पहली बारिश आफत बनकर आई है. गानवी खड्ड में जलस्तर बढ़ने के कारण गानवी से क्याओ और कूट पंचायत को जोड़ने वाला अस्थायी पुल क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे दोनों पंचायतों का सड़क संपर्क प्रभावित हो गया है. पुल क्षतिग्रस्त होने से स्थानीय लोगों को आवागमन के लिए वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ रहा है.
शिमला के राम मंदिर में पूजा के बाद CM सुक्खू का BJP पर हमला, बोले- ‘पैसे नहीं, आस्था की चोरी’
ऊपरी इलाकों में हुई भारी बारिश के बाद कई स्थानों पर सड़कें जलमग्न
वहीं, समेज खड्ड क्षेत्र के ऊपरी इलाकों में हुई भारी बारिश के बाद खड्ड में अचानक बाढ़ आ गई. तेज बहाव के चलते कई स्थानों पर सड़कें जलमग्न हो गईं, जिससे यातायात प्रभावित हुआ. सड़क पर मलबा और पानी आने से वाहनों की आवाजाही भी बाधित रही. स्थानीय लोगों का कहना है कि मानसून की शुरुआत में ही इस तरह की स्थिति चिंता का विषय है और प्रशासन से जल्द राहत एवं मरम्मत कार्य शुरू करने की मांग की जा रही है.
प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का आकलन किया जा रहा है. मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी भारी बारिश की संभावना जताई है, जिसके चलते लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
