खबर

सूरत में एक ही परिवार पर फूड पॉइजनिंग का कहर, 5 साल के मासूम की मौत, 4 की हालत गंभीर | Surat Food poisoning strikes family 5-year-old child dies 4 critical condition 



सूरत के रणुजाधाम सोसाइटी में रहने वाले एक परिवार के लिए 15 अगस्त की रात दर्दनाक साबित हुई. परिवार का आरोप है कि रेस्टोरेंट से मंगवाया गया खाना खाने के बाद घर के पांच लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ गई. हालत इतनी गंभीर हो गई कि इलाज के दौरान पांच साल की मासूम आर्या की मौत हो गई, जबकि परिवार के चार अन्य सदस्य अस्पताल में भर्ती हैं.

रेस्टोरेंट से मंगवाया था खाना

परिवार के अनुसार 15 अगस्त की रात उन्होंने शीतल रेस्टोरेंट से काजू और पनीर की पंजाबी सब्जी मंगवाई थी. सभी लोगों ने मिलकर खाना खाया. कुछ घंटों बाद परिवार के सदस्यों को पेट दर्द और बेचैनी की शिकायत होने लगी. परिजनों का कहना है कि शुरुआत में उन्हें सामान्य समस्या लगी, लेकिन देखते ही देखते सभी की हालत बिगड़ने लगी.

सुबह से शुरू हुई परेशानी

जानकारी के मुताबिक 16 अगस्त की सुबह करीब चार बजे अशोकभाई कळसरिया और उनकी एक बेटी को तेज पेट दर्द शुरू हो गया. सुबह स्थानीय क्लिनिक में उनका इलाज कराया गया और ड्रिप भी लगाई गई, लेकिन कोई खास राहत नहीं मिली. इसके बाद परिवार के अन्य सदस्यों की तबीयत भी बिगड़ने लगी. हालात गंभीर होने पर सभी प्रभावित लोगों को सादविचार अस्पताल ले जाया गया.

अस्पताल पहुंचते ही टूट गया परिवार

परिजनों ने बताया कि अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचने के लगभग 15 से 20 मिनट के भीतर ही पांच साल की आर्या ने दम तोड़ दिया. मासूम की मौत से पूरे परिवार में मातम छा गया. वहीं अशोकभाई, उनकी पत्नी और उनकी दो बेटियों का इलाज अभी भी अस्पताल में चल रहा है. परिवार का दावा है कि मेडिकल जांच में चारों मरीजों में फूड पॉइजनिंग के संकेत मिले हैं. अशोकभाई की पत्नी पहले से ब्लड प्रेशर की मरीज भी बताई जा रही हैं.

निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग

आर्या की मौत के बाद परिवार ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है. परिजनों का कहना है कि जिस रेस्टोरेंट से खाना मंगाया गया था, वहां के खाद्य पदार्थों की जांच कराई जानी चाहिए. उन्होंने पुलिस और संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि यदि जांच में खाने की गुणवत्ता में लापरवाही या किसी प्रकार की गड़बड़ी सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए.

यह भी पढ़ें- शिक्षकों की भर्ती निकली, फिर भी बिहार में छात्रों का आंदोलन जारी, तेजस्वी करेंगे राजभवन मार्च




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button