
सीतामढ़ी:
बिहार के सीतामढ़ी जिले से इस वक्त की एक बड़ी खबर निकल कर सामने आई है. सीतामढ़ी में जिला परिषद सदस्य के पति को शनिवार सुबह गोलियों से भून दिया गया. मृतक की पहचान बैद्यनाथ महतो के रूप में हुई है. बैद्यनाथ महतो वार्ड संख्या 13 की जिला परिषद सदस्य दिलखुश देवी के पति हैं. शनिवार सुबह उनपर तब हमला हुआ, जब वो मॉर्निंग वॉक पर निकले हुए थे. घटना सीतामढ़ी के डुमरा थाना क्षेत्र के केथरिया रामपट्टी चौक के पास स्थित पथरिया श्मशान के पास हुई.
भड़का लोगों का गुस्सा, आरोपियों के घर हमला, पुलिस को भी पीटा
मिली जानकारी के अनुसार बदमाशों ने बैद्यनाथ महतो को 8 गोलियां मारी. उनकी मौके पर ही मौत हो गई. इस घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया है. आक्रोशित लोगों ने आरोपियों के घर पर हमला किया है. जिला परिषद सदस्य के पति की हत्या से भड़के माहौल के बीच मौके पर पहुंची पुलिस को भी लोगों के गुस्से का सामना करना पड़ा.
आक्रोशित लोगों ने पुलिस पर भी हमला किया. दो इंस्पेक्टर घायल बताए जा रहे हैं. फिलहाल इलाके में 12 थानों की पुलिस पहुंची हैं. एसपी-डीएम भी मौके पर पहुंचे हैं.
सीतामढ़ी में जिप सदस्य के पति की हत्या के बाद बड़ा बवाल, देखें तस्वीरें

जिप सदस्य के पति बैद्यनाथ महतो की हत्या के बाद सीतामढ़ी में भड़के लोगों को समझाते पुलिस के जवान.
Photo Credit: NDTV

सीतामढ़ी में जिप सदस्य के पति की हत्या के बाद लोगों में आक्रोश.
Photo Credit: NDTV

सीतामढ़ी में जिप सदस्य के पति की हत्या के बाद लोगों के हमले में क्षतिग्रस्त हुई पुलिस की जीप.
Photo Credit: NDTV

आक्रोशित लोगों ने पुलिस जीप का पूरा कांच ही तोड़ डाला है.
Photo Credit: NDTV
बैद्यनाथ महतो पर 28 अगस्त को भी हुई थी फायरिंग
बताया जा रहा है कि बैद्यनाथ महतो पहले से बदमाशों के निशाने पर थे. उन पर 28 अगस्त को भी फायरिंग की घटना हुई थी. इस मामले में डुमरा थाने में बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी. घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहे थे. परिजनों और समर्थकों की ओर से लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की जा रही थी.
आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज जिला परिषद से जुड़े लोगों ने डुमरा थाने का घेराव भी किया था. समर्थकों का आरोप है कि फायरिंग की घटना के बाद बैद्यनाथ को लगातार धमकियां मिल रही थीं. इसके बावजूद बदमाशों पर कार्रवाई नहीं हुई.
आज सुबह मॉर्निंग वॉक के दौरान मारी 8 गोलियां
इसी बीच शनिवार सुबह मॉर्निंग वॉक के दौरान बदमाशों ने एक बार फिर उन्हें घेर लिया और गोलियों से भून दिया. हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. घटनास्थल की जांच के साथ अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है. वारदात के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है.
(सीतामढ़ी से रंजीत की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें – सीतामढ़ी में पाकिस्तान कनेक्शन! इंस्टाग्राम-व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए देश विरोधी साजिश, दो युवक गिरफ्तार





