
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के हाटी समुदाय से जुड़े अनुसूचित जनजाति (ST) दर्जे के मामले में हाईकोर्ट का फैसला सामने आया है. हाटी समुदाय को शुक्रवार (27 नवंबर) को हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिली है. केंद्र सरकार की ओर से हाटी समुदाय को दिए गए अनुसूचित जनजाति दर्जे को चुनौती देने वाली याचिका को हाईकोर्ट ने खारिज कर दिया और समुदाय के ST के दर्जे को बहाल कर दिया है.
हाईकोर्ट ने अपने फैसले में स्पष्ट किया कि केंद्रीय संसद की ओर से पारित कानून के खिलाफ हाईकोर्ट कोई रोक या संशोधन नहीं कर सकता है. किस समुदाय को ST सूची में शामिल करना है या नहीं, यह तय करने का अधिकार केवल संसद के पास है.
हिमाचल हाई कोर्ट का हस्तक्षेप से इनकार
हाटी समुदाय की ओर से पैरवी कर रहे सीनियर एडवोकेट श्रवण डोगरा और अशोक शर्मा ने इसे ऐतिहासिक फैसला बताया है और कहा है कि आज के फैसले में हाईकोर्ट ने पहले से स्थापित कानून की पुष्टि की है. कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि सुप्रीम कोर्ट के पहले से तय फैसलों में हस्तक्षेप करने का कोई दायरा नहीं है.
सुप्रीम कोर्ट के कई फैसलों का दिया गया हवाला
एडवोकेट डोगरा ने बताया कि उनकी ओर से प्रारंभिक आपत्ति उठाई गई थी कि हाटी समुदाय को संसद के माध्यम से ST सूची में शामिल किए जाने के बाद क्या हाईकोर्ट इसमें हस्तक्षेप कर सकता है? अदालत ने पहले इसी कानूनी सवाल पर सुनवाई की. सुप्रीम कोर्ट के कई फैसलों और सात जजों की बेंच के फैसले का भी हवाला दिया गया.
हाईकोर्ट ने कहा कि स्थापित कानूनी स्थिति के रहते इस मामले में हस्तक्षेप की कोई गुंजाइश नहीं है. सुप्रीम कोर्ट में अपील की संभावना पर उन्होंने कहा, “किसी को भी सुप्रीम कोर्ट जाने से रोका नहीं जा सकता, लेकिन सुप्रीम कोर्ट की बड़ी बेंच के कानून को देखते हुए अपील में सफलता की उम्मीद नहीं दिखती.
SC समुदाय के वकील अनिल कुमार मंगेट ने क्या कहा?
वहीं इस मामले में याचिका दायर करने वाले SC समुदाय के वकील अनिल कुमार मंगेट ने भी हाईकोर्ट के फैसले का स्वागत किया. केंद्र सरकार ने कोर्ट में जवाब दिया है कि जो एससी कम्युनिटी पहले से लिस्ट में हैं, उनको उस लिस्ट से बाहर नहीं किया जाएगा. अगर एससी समुदाय के हक पहले की तरह बरकरार रहते हैं तो हमारी भी जीत है. अब नई SC समिति बनी है, जिसके अध्यक्ष सुरेंद्र धर्मा हैं. आगे सुप्रीम कोर्ट जाने या न जाने का फैसला वही कार्यकारिणी लेगी.”
हाटी समुदाय ने HC के फैसले का किया स्वागत
वहीं, हाटी समुदाय ने हाई कोर्ट के फैसले का स्वागत करते हुए कहा, ”गिरिपार के लाखों लोगों को हाई कोर्ट से बड़ी राहत मिली है. लंबे वक्त से लोग इसके लिए लड़ाई लड़ रहे थे. आज हाई कोर्ट ने उनके पक्ष में फैसला सुनाकर बड़ी राहत दी है.”
4 अगस्त, 2023 को केंद्र ने बिल किया था पारित
बता दें कि केंद्र सरकार ने 4 अगस्त, 2023 को इस संबंध में बिल पारित किया था, जबकि 1 जनवरी 2024 को हिमाचल सरकार ने भी इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी थी. हालांकि, इस फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती दी गई थी. गिरिपार अनुसूचित जाति अधिकार संरक्षण समिति सहित अन्य याचिकाकर्ताओं ने इस मामले में आपत्तियां उठाई थीं. जनवरी 2024 में हाईकोर्ट ने ST दर्जा लागू करने संबंधी अधिसूचना पर रोक लगा दी थी.
हाटी समुदाय मुख्य रूप से सिरमौर जिले के शिलाई, पांवटा साहिब, रेणुका और पच्छाद विधानसभा क्षेत्रों के ट्रांसगिरि इलाके में रहता है. इस समुदाय की लंबे समय से ST दर्जे की मांग रही है.
बैठकों से दूरी बनाने पर हिमाचल कांग्रेस ने 2 उपाध्यक्षों को पद से हटाया