

देहरादून:
योग गुरु बाबा रामदेव ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर युवाओं के आंदोलन को लेकर बात की और खुद भी बड़ी चेतावनी दे डाली. उन्होंने सरकारी नौकरियों के इंटरव्यू में 99 फीसदी तक के घोटाले की बात कही. उनका कहना था कि सब कुछ सही से नहीं हो रहा है. इससे युवाओं में गुस्सा है और जगह-जगह आंदोलन हो रहे हैं. बाबा रामदेव ने कहा, ‘सरकारी नौकरी में इंटरव्यू के दौरान 90 से 99% घोटाला होता है. अपने-अपने विचार अपने संगठन अपने संगठन अपने संस्कार अपनी जाति वर्ग समुदाय के लोगों को ठोक लेते हैं और बाकी को बाहर धक्का मार देते हैं’
बाबा रामदेव ने कहा कि यह बहुत ही अपमानजनक है और लोकतंत्र के खिलाफ है. यह न्याय के भी खिलाफ है. एक तरफ हम कह रहे हैं सत्यमेव जयते तो दूसरी जब किसी को इंटरव्यू की बारी आती है तो 10 में से पहले से तय करके और पैसे लेकर भर्ती की जाती है. रामदेव ने कहा कि ऐसे ही रहा तो हमको आंदोलन करना पड़ सकता है. उन्होंने कहा कि ऐसे देश कैसे चलेगा भाई सुधर जाओ, नहीं तो देश में आंदोलन और ज्यादा भी हो सकते हैं. आंदोलन के नाम पर अराजकता का समर्थक नहीं हूं. लेकिन यह बात तो जरूर है देश में घोटाला भी बहुत है. ये ठीक कर लो नहीं तो कहीं ऐसा ना हो कि बाबा रामदेव को दोबारा आंदोलन करना पड़े.





