खबर

संबित पात्रा के बाद अब शिवसेना प्रवक्ता शाइना एनसी का WhatsApp हुआ हैक, मांगे गए पैसे | shaina-nc-whatsapp-hacked-money-demand-after-sambit-patra



नई दिल्ली:

बीजेपी सांसद और राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा के WhatsApp अकाउंट हैक होने के दावे के कुछ ही दिनों बाद अब शिवसेना नेता शाइना एनसी भी साइबर ठगी का शिकार होती नजर आ रही हैं. उनका WhatsApp अकाउंट कथित तौर पर हैक कर लिया गया और हैकर ने उनके नाम पर कई लोगों को पैसों की मांग वाले संदेश भेजे हैं.

NDTV के डिप्टी एडिटर अली अब्बास नकवी ने शाइना एनसी को रात 9 बजे होने वाली डिबेट की याद दिलाने के लिए एक मैसेज भेजा. इसके बाद शाइना एनसी के नाम से चल रहे WhatsApp अकाउंट से सामान्य बातचीत शुरू हुई. कुछ देर बाद हैकर ने कहा कि उसे “थोड़ी मदद” चाहिए. जब अली अब्बास नकवी ने पूछा कि किस तरह की मदद चाहिए, तो हैकर ने ₹49,000 की मांग की. उसने दावा किया कि यह रकम दो घंटे के भीतर लौटा दी जाएगी. अली अब्बास नकवी को तभी शक हो गया कि शाइना एनसी का WhatsApp अकाउंट हैकर के कब्जे में है. उन्होंने जवाब दिया कि रात 9 बजे डिबेट में तो आ ही रही हैं, वहीं पैसे दे देंगे. इस पर हैकर ने कहा कि उसे तुरंत पैसों की जरूरत है. इसके बाद हैकर ने उन्हें ब्लॉक कर दिया.

शाइना एनसी ने की साइबर पुलिस में शिकायत

शिवसेना प्रवक्ता शाइना एनसी ने बताया कि उनका WhatsApp अकाउंट हैक हो चुका है. उन्होंने मामले की शिकायत साइबर पुलिस में दर्ज करा दी है और पुलिस इसकी जांच कर रही है. बता दें कि शाइना एनसी शिवसेना में आने से पहले बीजेपी की प्रवक्ता भी रह चुकी हैं. चुनाव से पहले उन्होंने बीजेपी छोड़कर शिवसेना का दामन थामा था और चुनाव भी लड़ा था. वर्तमान में वह शिवसेना की राष्ट्रीय सचिव और राष्ट्रीय प्रवक्ता हैं.

संवित पात्रा के बाद दूसरा बड़ा मामला

यह मामला इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि हाल ही में बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और सांसद संवित पात्रा ने भी दावा किया था कि उनका WhatsApp अकाउंट हैक हो गया था. बताया गया था कि संबित पात्रा के नंबर से भी NDTV के अली अब्बास नकवी को संदिग्ध संदेश भेजे गए थे. बाद में संबित पात्रा ने इसकी शिकायत दर्ज कराई और उनका अकाउंट हैकर्स के कब्जे से मुक्त कराया गया. लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाएं सार्वजनिक जीवन से जुड़े लोगों की डिजिटल सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं. इससे पहले सुप्रिया सुले, स्वरा भास्कर, पत्रकार अवधेश कुमार समेत कई चर्चित हस्तियां भी साइबर अपराधियों के निशाने पर आ चुकी हैं.

ये भी पढ़ें : अर्जेंट है… संबित पात्रा के WhatsApp से आया पैसे मांगने वाला मैसेज, NDTV के संवाददाता ने पकड़ी हैकिंग




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button