
सोचिए, अगर किसी राज्य की विधानसभा में राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ पूरा गाने पर सियासत इतनी गरमा जाए कि मामला हाईकोर्ट की दहलीज तक पहुंचने की नौबत आ जाए! हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला (Shimla News) में इन दिनों बिल्कुल ऐसा ही हो रहा है.
दरअसल, रविवार को ऐतिहासिक रिज मैदान (Ridge Maidan) देशभक्ति के नारों और ‘रंग दे बसंती चोला’ जैसे गीतों से गूंज उठा. नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर (Jairam Thakur) के नेतृत्व में बीजेपी विधायकों और सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने बैठकर कांग्रेस सरकार के खिलाफ जोरदार जवाबी धरना दिया.
धरने के दौरान रिज मैदान पर सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया गया. नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने आक्रामक तेवर दिखाते हुए कहा कि देश के वीर क्रांतिकारियों ने इसी गीत को गाकर फांसी के फंदे को चूमा था. उन्होंने आरोप लगाया कि विधानसभा की कार्यवाही में पहले वंदे मातरम् का जिक्र था, लेकिन बाद में सरकार ने इसे हटा दिया. ठाकुर ने इतिहास का पन्ना पलटते हुए कहा कि कांग्रेस आज भी 1937 वाली मानसिकता में जी रही है, जब उन्होंने राष्ट्रगीत के केवल कुछ अंश गाने का फैसला किया था. उन्होंने दो टूक कहा, “कांग्रेस का कोई भी फरमान देश, संविधान और राष्ट्रीय भावना से ऊपर नहीं हो सकता.”
हिमाचल के मंदिरों में 419 करोड़ का चढ़ावा, पहले नंबर पर ये मंदिर
वीडियो दो, वरना खटखटाएंगे हाईकोर्ट का दरवाजा
कांग्रेस द्वारा बीजेपी विधायकों पर राष्ट्रगान के अपमान का आरोप लगाए जाने पर जयराम ठाकुर ने पलटवार किया. उन्होंने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए चुनौती दी कि अगर कांग्रेस सच्ची है, तो विधानसभा की कार्यवाही का पूरा वीडियो सार्वजनिक करे. बीजेपी पिछले तीन दिनों से विधानसभा सचिव और अध्यक्ष से लिखित में वह सीसीटीवी फुटेज मांग रही है. ठाकुर ने चेतावनी दी कि यदि उन्हें कार्यवाही का वीडियो नहीं मिला, तो बीजेपी कानूनी विकल्पों का इस्तेमाल करते हुए सीधे हाईकोर्ट (High Court) का दरवाजा खटखटाएगी.
जनहित के सवालों से भाग रही सत्ता पक्ष
वंदे मातरम् के विवाद के बीच बीजेपी ने कांग्रेस सरकार को रोजगार के मुद्दे पर भी घेरा. जयराम ठाकुर ने तंज कसते हुए कहा कि प्रदेश में पहली बार ऐसा अजूबा हो रहा है, जहां विपक्ष सदन में चर्चा करना चाहता है, लेकिन खुद सत्ता पक्ष के मंत्री और विधायक नारे लगाते हुए सदन से ‘वॉकआउट’ कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि कांग्रेस चुनाव में किए गए ‘5 लाख रोजगार’ के वादे से भाग रही है, लेकिन विपक्ष उन्हें जनता के सवालों से बचने नहीं देगा.
हिमाचल में बारिश-बाढ़ से तबाही, आपदा में 224 मौतें; 1112 करोड़ का नुकसान