
इंदौर के खजराना थाना क्षेत्र स्थित तपेश्वरी बाग में रविवार (26 जुलाई) को मिली महिला की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. खजराना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 48 घंटे के भीतर इस अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझा लिया है.
जांच में सामने आया कि 5 साल पुराने रिश्ते के बाद युवती द्वारा शादी से इंकार करने पर उसके प्रेमी ने ही गला घोंटकर उसकी निर्मम हत्या कर दी थी. पुलिस को गुमराह करने और साक्ष्य मिटाने की नीयत से आरोपी ने हत्या के बाद शव को जलाने का प्रयास किया था. पुलिस ने आरोपी बॉयफ्रेंड को गिरफ्तार कर लिया है.
इंदौर कोर्ट में फर्जी वकील बेनकाब, गिरफ्तार, जानें पूरा मामला
क्या है मामला?
मिली जानकारी के मुताबिक गत 26 जुलाई को तपेश्वरी बाग खजराना में एक महिला का जला हुआ शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई थी. शुरुआत में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा था, लेकिन फॉरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस को हत्या का संदेह हुआ. इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में खजराना पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले. सघन पड़ताल के बाद पुलिस ने संदिग्ध के रूप में मृतिका के मित्र मयंक को चिन्हित किया. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए फरार आरोपी मयंक शाक्य निवासी डबरा को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया.
आरोपी ने कबूला जुर्म
पूछताछ में आरोपी मयंक स्नातक उत्तीर्ण है और इलेक्ट्रीशियन का काम करता है. उसने कबूल किया कि दोनों में 5 साल से मित्रता थी. मृतका द्वारा अचानक शादी करने से इंकार करने पर उसने आवेश में आकर युवती का गला दबाकर हत्या कर दी और घटना को हादसे या खुदकुशी का रूप देने के लिए शव को आग के हवाले कर दिया. खजराना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या व साक्ष्य छिपाने की धाराओं में केस दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है.
MP में किसानों के आंदोलन पर CM यादव बोले- हमने बनाई समिति, सुझावों का स्वागत