
अमृतसर में GRP में तैनात पुलिसकर्मी पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है. पुलिसकर्मी ASI सुखचैन सिंह के मुताबिक, वह सुबह करीब 7:15 बजे अपनी निजी मोटरसाइकिल पर सिविल ड्रेस में घर लौट रहे थे. जब वह गांव जगदेव कलां में दाखिल होने लगे और नहर वाले पुल के पास पहुंचे, तो एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन अज्ञात युवकों ने उन पर गोलियां चला दीं. पुलिसकर्मी ने बताया कि गोली उनकी बांह के पास से निकल गई, जिससे वह घायल हो गए.
हमले के बाद उन्होंने किसी तरह मोटरसाइकिल दौड़ाई और सुरक्षित स्थान पर पहुंचे. इसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों ने अब उनकी हालत स्थिर बताई है, फिलहाल उनका इलाज जारी है. हमले के दौरान गोली ASI की बांह को छूकर निकल गई, जिससे वह घायल हो गए.
भाई की हत्या से जुड़ा हो सकता है केस
पीड़ित पुलिसकर्मी का कहना है कि उनकी व्यक्तिगत तौर पर किसी से कोई रंजिश नहीं है. हालांकि, उन्हें शक है कि इस हमले का संबंध उनके भाई के पुराने हत्या मामले से हो सकता है. उनके मुताबिक, इस मामले में अदालती कार्रवाई और गवाही लगभग पूरी हो चुकी है, जिसके चलते उन्हें आरोपी पक्ष पर शक है. पीड़ित ने पुलिस और प्रशासन से मांग की है कि हमलावरों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाए.

अकाली दल उठाए कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल
शिरोमणि अकाली दल के नेता विक्रमजीत सिंह मजीठिया ने एक्स पर पोस्ट कर पंजाब के लॉ एंड ऑर्डर पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने लिखा, बॉर्डर एरिया में चौथी बार पुलिस हमला, पुलिस में दहशत. अजनाला के ASI सुखचैन सिंह पर जगदेव खुर्द के पास गोलियां चलाई गईं. गोली बाजू को छूकर निकली, वाहेगुरु का शुक्र है जान बच गई. सिविल अस्पताल में भर्ती हैं. इससे पहले 3 ASI शहीद हो चुके हैं, ये चौथा हमला था.”
उन्होंने लिखा, “गुरु-दोखी और कच्चा DGP दोनों दिल्ली वाले दलालों की सेवा में लगे हैं, अमृतसर जिले के कच्चे SSP को भी कानून-व्यवस्था का कोई ध्यान नहीं, बल्कि सारा ध्यान विरोधियों पर लगा हुआ है. अब गैंगस्टर पुलिस को ही निशाना बना रहे हैं. पुलिस में इतना डर है कि वर्दी न पहनने के हुक्मों के बावजूद भी हमले नहीं रुक रहे.”
यह भी पढ़ें: पंजाब में पूर्व सरपंच की बेरहमी से हत्या, जमीन विवाद क था मामला, अब कांग्रेस ने AAP पर उठाए सवाल





