

मथुरा:
ब्रजभूमि में भगवान श्रीराम के आदर्शों पर आधारित प्रसिद्ध नाट्य प्रस्तुति ‘हमारे राम’ का भव्य मंचन किया जाएगा. यह आयोजन स्वीटी बाय एम.आर. ग्रुप के संस्थापक स्व. सुरेश चंद्र अग्रवाल की 75वीं जन्म जयंती के अवसर पर होने जा रहे धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों की श्रृंखला का हिस्सा है.
आयोजकों का कहना है कि इन कार्यक्रमों का उद्देश्य स्व. अग्रवाल के प्रेरणादायी जीवन, धार्मिक मूल्यों और मानव सेवा के संकल्पों को याद करना है.
इस संबंध में सोमवार को होटल विंग्सटन में आयोजित प्रेस वार्ता में एम.आर. समूह के चेयरमैन सुनील कुमार अग्रवाल ने आयोजनों की रूपरेखा साझा की. उन्होंने बताया कि 20 अक्टूबर को सुबह परिक्रमा गार्डन में ब्रज क्षेत्र के 551 साधु-संतों के लिए भव्य प्रसादी और सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा. इसमें ब्रज के विभिन्न संप्रदायों के प्रमुख संत और ब्रजवासी शामिल होंगे.
उसी दिन शाम को वृंदावन में सौ शैय्या अस्पताल के पास स्थित हरिदास प्रेक्षागृह में ‘हमारे राम’ नाटक का मंचन होगा. आयोजकों के मुताबिक, भगवान श्रीराम के आदर्शों और स्व. सुरेश चंद्र अग्रवाल के सिद्धांतों के बीच के वैचारिक जुड़ाव को दर्शाती यह प्रस्तुति एक संगीतमय श्रद्धांजलि होगी.
20 अक्टूबर को ही गोवर्धन स्थित श्री गिरिराज महाराज मंदिर, बरसाना स्थित श्री राधारानी मंदिर और मथुरा स्थित श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर भगवान के श्रीविग्रहों के लिए विशेष पोशाक धारण कराई जाएगी और भव्य फूल बंगला दर्शन का आयोजन किया जाएगा.
आयोजकों ने बताया कि जनकल्याण की भावना के तहत कार्यक्रमों की शुरुआत 18 अक्टूबर को गोवर्धन स्थित ग्रीन वैली में आयोजित विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर से की गई, जिसमें सैकड़ों लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाइयां दी गईं.
प्रेस वार्ता के दौरान सुनील कुमार अग्रवाल ने बताया कि उनके पिता स्व. सुरेश चंद्र अग्रवाल एक दूरदर्शी उद्यमी थे, जिन्होंने सीमित संसाधनों के साथ अपनी व्यावसायिक यात्रा शुरू कर स्वीटी समूह को उद्योग जगत में पहचान दिलाई. व्यापार के साथ-साथ पारिवारिक संस्कार और मानवीय मूल्यों के प्रति उनका समर्पण अनुकरणीय रहा. वर्तमान में उनके आदर्शों और विरासत को उनके पौत्र और कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर लव कुमार बंसल आगे बढ़ा रहे हैं.
उन्होंने बताया कि हीरक जयंती समारोह को लेकर विश्व हिंदू परिषद के प्रांतीय अध्यक्ष और परिवार के वरिष्ठ सदस्य कन्हैयालाल अग्रवाल का विशेष सहयोग मिल रहा है. स्वीटी बाय एम.आर. ग्रुप की टीम पिछले तीन महीनों से इसकी तैयारियों में जुटी है.





