
मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में एक कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कुछ ऐसा बोला, जिसका वीडियो अब वायरल हो रहा है. इस वीडियों में मंच संचालक द्वारा बार-बार लोगों से खड़े होने की अपील करने पर शिवराज सिंह चौहान ने आपत्ति जताई और कहा कि वो जनता के सेवक हैं और वो खड़े रहेंगे जनता के लिए. उनके इस अंदाज पर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं.
प्रदेश के रायसेना जिले में एक सकारी कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें स्थानीय नेताओं के साथ केंद्रीय मंत्री शिवराज भी शामिल हुए थे. इस दौरान मंच संचालक जब भी कोई आता संबोधन के लिए आज जनता को खड़े होने को कहता. जब शिवराज सिंह की बारी आई तब भी संचालक ने यही किया. इसपर शिवराज सिंह चौहान गुस्सा हो गए और मंच संचालक को फटकार दिया.
‘तुम बैठो, मामा खड़ा रहेगा तुम्हारे लिए’
उन्होंने कहा, “भाई ये बहुत गलत बात है, बार-बार खड़े हो जाने को कह रहे हो, मैं इसपर आपत्ति व्यक्त करता हूं. जनता मूर्ख थोड़ी है, बार-बार खड़े हो जाओ. ये बहुत गलत बात है.” शिवराज सिंह ने आगे कहा, “जनता ही अपनी भगवान है, उसी को बार-बार खड़ा कर रहे हो. मैं तो सबका सेवक हूं, सबके लिए मैं खड़ा हूं. तुम बैठो मामा खड़ा रहेगा तुम्हारे लिए.”
शिवराज सिंह की इन पंक्तियों पर जनता ने खुब तालियां बजाईं और शायद उनके इसी अंदाज के कारण प्रदेश की जनता मामा के लिए कायल है. इससे पहले भी कई अवसरों पर शिवराज सिंह की इस तरह के वीडियो सामने आये हैं. दरअसल, शिवराज सिंह चौहान को मध्य प्रदेश में लोग प्यार से ‘मामा’ कहकर बुलाते हैं. लोगों को उनसे काफी लगाव है और यह अक्सर कई अवसरों पर देखने को मिला है. शिवराज सिंह चौहान आज भले केंद्र में हैं, लेकिन जब तक वो मध्य प्रदेश के सीएम थे तब तक उन्हें जनता का खूब प्यार मिला है.
शिवराज सिंह को मध्य प्रदेश से है खास लगाव
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री के तौर पर सबसे लंबा कार्यकाल पूरा करने के बाद जब दिसंबर 2023 में शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश की जनता से विदाई ली थी तब सभी भावुक हो गए थे. उन्हें ‘भैया’ और ‘मामा’ कहकर संबोधित करते हुए, महिलाओं और लड़कियों ने उनके मुख्यमंत्री के तौर पर वापसी की इच्छा तक जताई थी. उस समय शिवराज सिंह ने कहा था कि वो भले दिल्ली चले जाएंगे, लेकिन वो मध्य प्रदेश को कभी नहीं छोड़ेंगे. वो अक्सर प्रदेश का दौरा करते हैं और लोगों से मिलते हैं.