

उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी का इंतजार कर रहे लाखों युवाओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है. होमगार्ड भर्ती परीक्षा 2026 का फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया गया है. इस भर्ती प्रक्रिया के लिए प्रदेश के सभी 75 जिलों से बड़ी संख्या में आवेदन आए थे. कुल 25,32,196 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था, जिनमें से विभिन्न चरणों को पार करने के बाद 41,424 अभ्यर्थियों का अंतिम चयन हुआ है. चयनित अभ्यर्थियों में 8,290 महिलाएं भी शामिल हैं. अब विभाग की ओर से चयनित उम्मीदवारों को प्रशिक्षण की प्रक्रिया से गुजरना होगा, जिसके बाद उन्हें विभिन्न जिलों में तैनाती दी जाएगी.
श्रेणीवार चयन के आंकड़े आए सामने
होमगार्ड भर्ती के अंतिम परिणाम में अलग-अलग वर्गों के उम्मीदवारों का चयन किया गया है. अनारक्षित श्रेणी में 8,502 अभ्यर्थी सफल हुए हैं. अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) से 21,580 उम्मीदवारों का चयन हुआ है. अनुसूचित जाति वर्ग से 10,932 और अनुसूचित जनजाति वर्ग से 410 अभ्यर्थियों ने अंतिम सूची में जगह बनाई है.
अनारक्षित वर्ग में शामिल आंकड़ों में 6,950 ईडब्ल्यूएस उम्मीदवार भी शामिल हैं. भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब सफल उम्मीदवारों को आगे की औपचारिकताओं की जानकारी विभाग की ओर से दी जाएगी.
कई चरणों से गुजरने के बाद मिला चयन
इस भर्ती के लिए लिखित परीक्षा 25, 26 और 27 अप्रैल 2026 को आयोजित की गई थी. परीक्षा के बाद अभ्यर्थियों को कई महत्वपूर्ण चरणों से गुजरना पड़ा. सबसे पहले दस्तावेजों का सत्यापन किया गया. इसके बाद शारीरिक मानक परीक्षण और शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित की गई. इन सभी चरणों में सफल रहने वाले उम्मीदवारों के प्रदर्शन के आधार पर अंतिम मेरिट तैयार की गई. इसके बाद फाइनल रिजल्ट घोषित किया गया.
जल्द शुरू होगी नई भर्ती
होमगार्ड विभाग ने भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही रिक्त रह गए करीब 7,600 पदों पर नई भर्ती की तैयारी को भी मंजूरी दे दी है. ऐसे में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक और बड़ा अवसर जल्द सामने आ सकता है.
प्रदेश सरकार का मानना है कि नई भर्ती से होमगार्ड बल की क्षमता बढ़ेगी और विभिन्न जिलों में सुरक्षा तथा आपदा प्रबंधन से जुड़े कार्यों को और मजबूती मिलेगी. वहीं चयनित अभ्यर्थियों के लिए अब प्रशिक्षण प्रक्रिया अगला महत्वपूर्ण चरण होगा, जिसके बाद वे अपनी नई जिम्मेदारियों के लिए तैयार किए जाएंगे.
यह भी पढ़ें- Karnataka SSLC 2027: 10वीं बोर्ड परीक्षा की फीस बढ़ी, अब छात्रों को देने होंगे 746 रुपये





