

लखनऊ:
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पहले बीजेपी के सहयोगी दल सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने बड़ा फैसला किया है. उन्होंने गाजीपुर जिले की जहूराबाद सीट छोड़ने का फैसला किया है और वो अकबरपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे. राजभर की पार्टी भाजपा की सहयोगी दल है और दोनों दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर वार्ता हो रही है. राजभर ने एक दिन पहले ही अपने दोनों पुत्रों के साथ सीएम योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की थी. उन्होंने अतरौलिया विधानसभा सीट को लेकर अपनी पार्टी की दावेदारी पर बात रखी थी. ओपी राजभर अपने बेटे अरुण राजभर को अतरौलिया सीट से लड़ाना चाहते हैं. राजभर के एक बेटे की पिछले विधानसभा चुनाव में हार हुई थी. इस सीट को लेकर सुभासपा और निषाद पार्टी दोनों ही दावेदारी ठोक रही हैं. भाजपा दोनों सहयोगी दलों के बीच इस खींचतान को खत्म करने की कवायद में जुटी है.
राजभर के बेटे की लगातार हार चिंता का सबब
सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर के बेटे अरविंद राजभर (अरुण राजभर ) को 2024 के लोकसभा चुनाव में घोसी सीट से हार का मुंह देखना पड़ा था. विधानसभा चुनाव 2022 में शिवपुर विधानसभा सीट भी वो जीत नहीं पाए थे. हालांकि अब वो अतरौलिया सीट के लिए दावेदारी ठोक रहे हैं. सीएम योगी ने राजभर की बात ध्यान से सुनी. बीजेपी नहीं चाहती कि सपा-कांग्रेस में जिस तरह सीटों के बंटवारे को लेकर मतभेद खुलकर सामने आए हैं, वैसा कोई सियासी संदेश एनडीए खेमे से भी जनता के बीच जाए. राजभर ने 6 दिसंबर को आजमगढ़ की सामाजिक समरसता महारैली में भी सीएम योगी को आमंत्रित किया है.
आज लखनऊ में माननीय मुख्यमंत्री श्री @myogiadityanath जी से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव डॉ. @arvindrajbhar07 जी एवं राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता/राष्ट्रीय महासचिव श्री @ArunrajbharSbsp जी भी उपस्थित रहे। https://t.co/pZnLWJjrjW
— Om Prakash Rajbhar (@oprajbhar) November 24, 2026
विधानसभा चुनाव परिणाम 2022 अच्छा नहीं रहा
ओम प्रकाश राजभर की पार्टी सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में सपा के साथ गठबंधन में थी. उसने 17 सीटों पर चुनाव लड़ा था, एक सीट पर वो सपा के सिंबल पर लड़ी थी. पार्टी ने छह सीटें जीती थीं. हालांकि विधानसभा चुनाव के बाद राजभर एनडीए खेमे में आ गए थे. उन्हें यूपी की योगी सरकार में मंत्री भी बनाया गया. राजभर एनडीए में 20 से ज्यादा सीटों पर दावेदारी कर रहे हैं.
सपा-कांग्रेस में सीटों के बंटवारे पर बातचीत
उधर, सपा और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे पर कलह खुलकर सामने आ गई है. सपा ने शुरुआती तौर पर कांग्रेस को सिर्फ 26 सीटें ऑफर की हैं, जबकि कांग्रेस 100-110 सीटों पर चुनाव लड़ने का दावा ठोक रही है. सपा ने 5 सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर अपने इरादे जता दिए हैं कि वो जिताऊ सीटों की कसौटी से पीछे नहीं हटेगी. वहीं कांग्रेस भी बिफर पड़ी है. सहारनपुर से सपा सांसद इमरान मसूद, यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम जैसे नेताओं ने कड़ा रुख अपनाया है.
ये भी पढ़ें – सपा का तंज- दो सीट वालों को जो मिल रहा है, चुपचाप ले लें, भड़की कांग्रेस करने लगी मायावती की तारीफ





