खबर

यूपी के कासगंज में ट्रेनी एयरक्राफ्ट क्रैश, मह‍िला पायलट घायल, द‍िल्‍ली से पहुंच रही एयर सेफ्टी टीम | Trainee aircraft crashes in UP Kasganj female pilot injured



उत्तर प्रदेश के कासगंज में एक बड़ा हादसा उस समय हो गया, जब ट्रेनिंग के लिए उड़ान भरने वाला एयरक्राफ्ट क्रैश हो गया. इमरजेंसी लैंडिंग के दौरान विमान हाईटेंशन बिजली लाइन से टकराकर नीचे गिर पड़ा, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. हादसे में महिला पायलट घायल हो गई, जिसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया. घटना के बाद पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड में आ गए हैं, जबकि जांच के लिए दिल्ली से एयर सेफ्टी टीम के आने का इंतजार किया जा रहा है.

(कासगंंज से फहीम अख्‍तर की र‍िपोर्ट)

रास्ता भटकने के बाद हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, यह ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट अलीगढ़ से उड़ान भरकर निकला था, लेकिन उड़ान के दौरान रास्ता भटक गया. इसी बीच उसका संपर्क अलीगढ़ एयरपोर्ट से भी टूट गया, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई. पायलट ने हालात संभालने के लिए इमरजेंसी लैंडिंग का फैसला लिया.

हाईटेंशन लाइन से टकराकर गिरा विमान

कासगंज पुलिस लाइन के पीछे निर्माणाधीन हाईवे-530B पर पायलट ने विमान उतारने की कोशिश की, लेकिन यह प्रयास सफल नहीं हो सका. लैंडिंग के दौरान विमान 33 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन से टकरा गया और नीचे गिर गया. टक्कर के बाद जोरदार आवाज हुई, जिससे आसपास के लोग घबरा गए.

महिला पायलट घायल, अस्पताल में भर्ती

हादसे के तुरंत बाद मौके पर स्थानीय लोग और पुलिस पहुंची. घायल महिला पायलट को विमान से सुरक्षित बाहर निकालकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया. फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है और डॉक्टरों की निगरानी में इलाज जारी है.

मौके पर पहुंची पुलिस-प्रशासन की टीम

विमान गिरने की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे. इलाके को घेरकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया और लोगों की सुरक्षा के लिए इलाके को खाली कराया गया. मौके पर हालात को नियंत्रित करने की कोशिश की गई.

जांच के लिए दिल्ली से आएगी एयर सेफ्टी टीम

इस घटना के बाद विमान हादसे के कारणों की जांच के लिए एयर सेफ्टी टीम को बुलाया गया है, जो दिल्ली से पहुंचने वाली है. शुरुआती तौर पर तकनीकी खराबी और रास्ता भटकने को कारण माना जा रहा है, लेकिन असली वजह जांच के बाद ही सामने आएगी. 

यूपी के बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत! जुलाई से घटेगा टैरिफ, स्‍मार्ट मीटर को लेकर भी हो सकता है ये बदलाव




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button