
राजस्थान में भरतपुर की सांसद संजना जाटव और पुलिसकर्मियों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई. विवाद इस कदर भड़का कि कांग्रेस सांसद ने पुलिस प्रशासन पर अभद्रता के आरोप लगाए. डीग जिले के कुम्हेर थाना क्षेत्र के गांव चौकीपुरा में एक शख्स की मौत से जुड़े मामले में सांसद ने विरोध जाहिर किया. बताया जा रहा है कि क्षेत्र के ही एक युवक धर्मवीर सिंह 4 दिन पहले घायल अवस्था में मिला था, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई. परिजनों का आरोप है कि युवक की पिटाई कर उसकी हत्या की गई है.
गुस्साए परिजनों ने पहले कुम्हेर थाने पर विरोध प्रदर्शन किया. संजना जाटव मृतक के गांव पहुंचीं और प्रमुख मांगों को लेकर धरने पर बैठ गईं. प्रशासन से बात नहीं बनने पर सांसद शव को ट्रैक्टर में रखकर आईजी ऑफिस ले जाने लगीं. इसे देख स्थानीय प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए. यही से मामला बिगड़ गया.
संजना जाटव ट्रैक्टर लेकर निकली तो माहौल बिगड़ा
सांसद संजना जाटव ने बताया कि युवक को आरबीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया था. गंभीर हालत में उसे जयपुर रेफर किया गया, जहां उसकी मौत हो गई. जिन लोगों ने मारपीट की, उनकी गिरफ्तारी होनी जाइए. जब स्थानीय प्रशासन ने सुनवाई नहीं की गई तो ग्रामीण शव को लेकर गांव पहुंचे. मुझे सूचना मिली तो मैं भी गांव पहुंच गई. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन से कोई जवाब नहीं मिला और मजबूरन मुझे धरना पर बैठना पड़ा. जब मैं आईजी ऑफिस न्याय के लिए शव को ले जाने लगी तो पुलिसकर्मी मेरे आगे खड़े हो गए और शव को नहीं ले जाने दिया.

क्षेत्रवासियों के साथ धरने पर बैठीं सांसद संजना जाटव.
ग्रामीणों ने की नारेबाजी
ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाए. इसी दौरान संजना ने पुलिसकर्मी पर बदतमीजी के आरोप लगाते हुए कहा कि आप मुझे हथकड़ी लगाओ और जेल में डाल दो. एसपी कांबले गोपीनाथ शरण ने बताया कि मालमे में जो भी दोषी हैं, उन्हे बख्शा नहीं जाएगा.
डीग एसपी और एसडीएम मौके पर पहुंचे
स्थानीय लोगों का आक्रोश बढ़ता डीग एसपी और कुम्हेर एसडीएम मौके पर पहुंचे. सांसद और ग्रामीणों से लंबी वार्ता के बाद 3 मांगों पर सहमति बनी. मृतक के हत्यारों को जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया गया. शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया जाएगा और पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद भी दी जाएगी.
यह भी पढ़ेंः इमरजेंसी में काम का है ये सिस्टम! कंट्रोल रूम से होगा अनाउंसमेंट, किसी भी चौराहे पर तुरंत पहुंच जाएगा अलर्ट





