खबर

मिले 8500 सुझाव, इसे सुधार प्रक्रिया का हिस्सा बनाएगी सरकार… छात्र आंदोलन के बीच बोले हेमंत सोरेन | Amid Jharkhand Student Protest Hemant Soren Says Over 8500 Youths Have Shared Suggestions on Exam Reforms



झारखंड में 19 दिनों से जारी छात्र आंदोलन के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन परीक्षा व्यवस्था में सुधार के मुद्दे पर एक बार फिर युवाओं से सोशल मीडिया के जरिए मुखातिब हुए हैं. मंगलवार शाम उन्होंने युवा साथियों को संबोधित करते हुए एक पोस्ट लिखा है, जिसमें उन्होंने बताया कि ‘छात्रों की बात-छात्रों के साथ’ अभियान के तहत अब तक 8,500 से अधिक युवाओं ने परीक्षा व्यवस्था में सुधार को लेकर अपने सुझाव दिए हैं.

तीन दिनों में तीसरा पोस्ट

सीएम हेमंत सोरेन ने पिछले तीन दिनों में युवाओं को संबोधित करते हुए तीसरा पोस्ट लिखा है. मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं से ओएमआर, परीक्षा कैलेंडर, स्कोरकार्ड, प्रश्नपत्र, परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता, तकनीक के बेहतर इस्तेमाल और जेपीएससी सहित दोनों आयोगों में संवैधानिक दायरे में जरूरी सुधारों से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुझाव प्राप्त हो रहे हैं.

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल समस्याओं पर चर्चा करना नहीं है. सरकार वर्तमान चुनौतियों का समाधान करते हुए ऐसी परीक्षा व्यवस्था तैयार करना चाहती है, जो वर्तमान और आने वाली पीढ़ियों के लिए अधिक पारदर्शी, निष्पक्ष, सुरक्षित, विश्वसनीय और जवाबदेह हो.

‘सरकार युवाओं के सुझावों को सुधार प्रक्रिया का हिस्सा बनाएगी’

मुख्यमंत्री ने राज्य के युवाओं से अपने सुझाव देना जारी रखने की अपील करते हुए कहा कि कि एक सुझाव केवल आज की परीक्षा व्यवस्था में बदलाव तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि झारखंड के हजारों-लाखों युवाओं के भविष्य को बेहतर बनाने में योगदान देगा. मुख्यमंत्री ने कहा कि परीक्षा व्यवस्था में सुधार राज्य सरकार का अकेला प्रयास नहीं होगा. इसमें झारखंड के युवाओं की जनभागीदारी महत्वपूर्ण होगी. उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं के सुझावों को सुधार की प्रक्रिया का हिस्सा बनाना चाहती है.

बता दें कि जेपीएससी और जेएसएससी की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर राज्य में 19 दिनों से छात्र आंदोलन चल रहा है. छात्र परीक्षा व्यवस्था में सुधार के साथ विवादित परीक्षाओं की जांच और भर्ती प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाने की मांग कर रहे हैं. सोमवार को विधानसभा घेराव के दौरान छात्रों और पुलिस के बीच टकराव के बाद यह मुद्दा और गरमा गया है.

देवेंद्र नाथ महतो ने लिखी चिट्ठी

इधर अस्पताल में भर्ती छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने चिट्ठी लिखी है. उन्होंने लिखा, ‘सदर अस्पताल से संघर्ष और इंसाफ के नाम खुला पत्र, अस्पताल में भी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल 10 वें दिन जारी, विधान सभा घेराव कार्यक्रम को एतिहासिक सफल बनाने वाले सभी सहयोगियों को धन्यवाद, शांतिपूर्ण आंदोलन पर लाठीचार्ज करने वालों पर कार्रवाई हो, सम्पूर्ण न्याय तक संघर्ष जारी रहेगा.’

यह भी पढ़ें: हालात बदल गए तो जज़्बात बदल गए…दिल्ली से रांची तक सेलेक्टिव गुस्सा और सेलेक्टिव चुप्पी!






Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button