
मिर्जापुर:
Mirzapur Road Collapse: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर शहर में बारिश के बीच एक बड़ा हादसा सामने आया है. रामबाग स्थित मछली गली में गुरुवार को अचानक सड़क धंस गई, जिससे वहां से गुजर रही एक बाइक सीधे गहरे गड्ढे में जा गिरी. हादसे में एक महिला और दो बच्चे घायल हो गए. घटना का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें सड़क अचानक धंसती और वाहन उसमें समाते हुए दिखाई दे रहा है. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए मौके पर पहुंच गए. घटना ने शहर में सड़क निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं.
अचानक धंसी सड़क, गड्ढे में समाई बाइक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सड़क सामान्य दिखाई दे रही थी और उस पर रोजाना की तरह आवाजाही चल रही थी. इसी बीच अचानक सड़क का एक हिस्सा भरभराकर धंस गया. उसी समय वहां से गुजर रही एक मोटरसाइकिल गहरे गड्ढे में जा गिरी. हादसा इतना अचानक हुआ कि बाइक सवार को संभलने का मौका तक नहीं मिला.

Mirzapur Road Collapse: वायरल सीसीटीवी फुटेज की स्क्रीनशॉट
महिला और दो बच्चे घायल
घटना में महिला और दो बच्चों को चोटें आई हैं. घायल महिला की मां रुकसाना बानो ने बताया कि सड़क बिल्कुल सामान्य और समतल दिखाई दे रही थी, लेकिन अचानक जमीन धंस गई. उनके अनुसार उनकी बेटी और दो बच्चे देखते ही देखते गड्ढे में समा गए और घायल हो गए. घटना के बाद परिवार और स्थानीय लोगों में घबराहट फैल गई.

Mirzapur Road Collapse: ऐसी हुई सड़क की हालत
स्थानीय लोगों ने बचाई जान
हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया. लोगों ने गड्ढे में गिरे लोगों को बाहर निकालने में मदद की और उन्हें सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया. सूचना मिलने पर संबंधित विभाग और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया.
CCTV वीडियो हुआ वायरल
हादसे का वीडियो आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया. वीडियो में सड़क अचानक धंसती नजर आती है और वाहन उसमें गिर जाता है. वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद लोग सड़क की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर सवाल उठा रहे हैं.
यहां भी धंसी सड़क
इमामबाड़ा कब्रिस्तान के पास जल निगम द्वारा कराए गए सीवर कार्य के बाद से क्षेत्र में सड़क धंसने की समस्या बढ़ी है. कई स्थानों पर सड़क में दरारें और गड्ढे बन गए हैं. स्थानीय लोगों का आरोप है कि मरम्मत कार्य ठीक तरीके से नहीं किया गया, जिसके चलते बारिश के दौरान जमीन कमजोर हो गई.
आवागमन प्रभावित, बढ़ा हादसों का खतरा
क्षेत्र में सड़क धंसने से यातायात भी प्रभावित हुआ है. विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. बारिश के कारण सड़क की वास्तविक स्थिति समझना मुश्किल हो जाता है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका और बढ़ जाती है. लगातार हो रही बारिश के बीच सड़क धंसने की इस घटना ने शहर में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय लोगों ने क्षेत्र की सभी क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल जांच और मरम्मत की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके.
यह भी पढ़ें : उत्तराखंड में मानसून का कहर: 3 जिलों में रेड अलर्ट, 115 सड़कें बंद; सरकार अलर्ट, यहां के स्कूलाें की छुट्टी
यह भी पढ़ें : 50 साल से लगातार बिजली दे रहा अनोखा ट्रांसफार्मर: तय उम्र से दोगुनी सेवा, स्वदेशी ताकत का कमाल
यह भी पढ़ें : अब हाइड्रोजन से दौड़ेंगी बसें, देश के 10 रूट पर शुरू हुआ बड़ा ट्रायल
यह भी पढ़ें : शंकराचार्य से मिले अखिलेश यादव, राम मंदिर पर कहा- सांचा नहीं ढांचा बदलें; BJP बोली- चुनाव देख कर रहे ढोंग





