

भारतीय रेलवे लोगों की लाइफ लाइन बन चुकी है. आंकड़ों के अनुसार, प्रतिदिन लगभग 2.4 करोड़ लोग भारतीय रेलवे से सफर करते हैं. ऐसे में रोजाना यात्रियों का बोझ रेलवे स्टेशनों पर काफी अधिक है. भारतीय रेलवे ने यात्री फुटफॉल से जुड़े आंकड़ों को जारी किया है, जिसमें देश के सबसे व्यस्त रेलवे स्टेशनों की तस्वीर सामने आई है. ये आंकड़े वित्तीय वर्ष 2023- 24 के हैं. भारतीय रेलवे के मुताबिक ठाणे रेलवे स्टेशन देश में सबसे ज्यादा यात्री फुटफॉल वाला स्टेशन रहा. इसके बाद कल्याण, हावड़ा, मुंबई सीएसएमटी और सियालदह का नंबर है. इन आंकड़ों में रेलवे स्टेशनों पर आने-जाने वाले यात्रियों की संख्या को आधार बनाया गया है. सूची में देश के अलग-अलग हिस्सों के 100 प्रमुख रेलवे स्टेशनों को शामिल किया गया है.
ठाणे रेलवे स्टेशन पर सबसे अधिक यात्रियों का भार
आंकड़ों के मुताबिक, ठाणे रेलवे स्टेशन पर वित्त वर्ष 2023-24 में करीब 9.30 करोड़ यात्रियों का फुटफॉल दर्ज किया गया. इसके साथ ठाणे देश का सबसे व्यस्त रेलवे स्टेशन रहा. दूसरे नंबर पर कल्याण रहा, जहां करीब 8.37 करोड़ यात्री फुटफॉल दर्ज हुआ. वहीं हावड़ा स्टेशन करीब 6.13 करोड़ यात्री फुटफॉल के साथ तीसरे स्थान पर रहा. मुंबई छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस करीब 5.16 करोड़ यात्री फुटफॉल के साथ चौथे और सियालदह करीब 5.13 करोड़ के साथ पांचवें स्थान पर रहा.
टॉप-10 में कौन-कौन से रेलवे स्टेशन?
- ठाणे- 93067283 यात्री
- कल्याण- 83792667 यात्री
- हावड़ा- 61329319 यात्री
- मुंबई CSMT- 51652230 यात्री
- सियालदह- 51369230 यात्री
- पनवेल- 46258375 यात्री
- नई दिल्ली- 39632272 यात्री
- तांबरम- 32785188 यात्री
- दादर- 32269116 यात्री
- MGR चेन्नई सेंट्रल- 30595837 यात्री
मुंबई और आसपास के स्टेशन सबसे ज्यादा व्यस्त
मुंबई और उसके आसपास के कई स्टेशन टॉप पर हैं. ठाणे, कल्याण, मुंबई CSMT, पनवेल और दादर जैसे स्टेशन टॉप-10 में शामिल हैं. इससे मुंबई महानगर क्षेत्र में लोकल और लंबी दूरी की रेल सेवाओं पर यात्रियों की भारी निर्भरता का अंदाजा लगाया जा सकता है. इसके अलावा मुंबई सेंट्रल 16वें स्थान पर है और यहां करीब 2.20 करोड़ यात्री फुटफॉल दर्ज किया गया.
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन 7वें नंबर पर
देश की राजधानी का प्रमुख रेलवे स्टेशन नई दिल्ली इस सूची में सातवें स्थान पर है. नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर वित्त वर्ष 2023-24 में करीब 3.96 करोड़ यात्रियों का फुटफॉल दर्ज किया गया. इसके अलावा हजरत निजामुद्दीन 24वें स्थान पर रहा, जहां करीब 1.45 करोड़ यात्री फुटफॉल दर्ज हुआ. दिल्ली सराय रोहिल्ला 95वें स्थान पर है, जहां करीब 52.21 लाख यात्री फुटफॉल देखा गया.
पूर्वी भारत के स्टेशन भी टॉप पर
हावड़ा देश का तीसरा सबसे व्यस्त स्टेशन रहा. इसके अलावा सियालदह पांचवें नंबर पर है. वर्धमान 20वें, लोकमान्य तिलक टर्मिनस 23वें और गया 49वें स्थान पर है. भुवनेश्वर 31वें स्थान पर है, जबकि पुरी 71वें और राउरकेला सूची में आगे के स्थानों पर शामिल है.
दक्षिण भारत के कई स्टेशन सूची में
दक्षिण भारत के भी कई रेलवे स्टेशन टॉप-100 में शामिल हैं. तांबरम 8वें और एमजीआर चेन्नई सेंट्रल 10वें स्थान पर है. केएसआर बेंगलुरु 12वें, चेन्नई एगमोर 18वें और तिरुपति 26वें स्थान पर है. इसके अलावा कोयंबटूर, मैसूर, एर्नाकुलम जंक्शन, मदुरै, मंगलुरु और एर्नाकुलम टाउन जैसे स्टेशन भी सूची में शामिल हैं.
टॉप 100 में उत्तर भारत के कई प्रमुख स्टेशन
कानपुर सेंट्रल 27वें स्थान पर है और यहां करीब 1.33 करोड़ यात्री फुटफॉल दर्ज हुआ. वाराणसी 34वें स्थान पर है, जबकि लखनऊ 25वें स्थान पर है. गाजियाबाद 42वें, प्रयागराज जंक्शन 51वें, जोधपुर 52वें, अजमेर 58वें, लुधियाना 59वें, कोटा 61वें और अंबाला कैंट 62वें स्थान पर हैं.
1 करोड़ से ज्यादा फुटफॉल वाले स्टेशन
- तिरुपति – 1.37 करोड़
- कानपुर सेंट्रल- 1.33 करोड़
- विशाखापट्टनम- 1.33 करोड़
- गोरखपुर- 1.30 करोड़
- तिरुवनंतपुरम सेंट्रल- 1.27 करोड़
- भुवनेश्वर- 1.22 करोड़
- आनंद विहार टर्मिनल- 1.22 करोड़
- भोपाल- 1.20 करोड़
- वाराणसी- 1.15 करोड़
- कोझिकोड- 1.14 करोड़
- मथुरा जंक्शन- 1.03 करोड़
- कोयंबटूर- 1.02 करोड़
- नागपुर- 1.02 करोड़
- बांद्रा जंक्शन- 1.01 करोड़
टॉप 100 स्टेशनों में जयपुर, पटना और अहमदाबाद भी शामिल
सूची में जयपुर, अहमदाबाद, विजयवाड़ा, पटना जंक्शन, पुणे, सूरत, भोपाल, इंदौर, रायपुर, ग्वालियर, जबलपुर, गाजियाबाद, आगरा कैंट, मुजफ्फरपुर, हरिद्वार, कानपुर, पुरी, अमृतसर, चंडीगढ़, सोलापुर, सहारनपुर, बरेली, अलीगढ़ जंक्शन, राजेंद्र नगर टर्मिनल, रतलाम और औरंगाबाद समेत कई प्रमुख स्टेशन शामिल हैं. इस सूची में एर्नाकुलम टाउन 100वें स्थान पर है. यहां वित्त वर्ष 2023-24 में करीब 50.13 लाख यात्रियों का फुटफॉल दर्ज किया गया.
यह भी पढ़ें | लंबी दूरी के 11 ट्रेनों में साफ-सफाई की DRM करेंगे निगरानी, यात्री करेंगे हाउसकीपिंग सर्विस की रेटिंग





