खबर

भाई बने देवास के SP, बहन संभालेंगी अमृतसर की कमान, कौन हैं IPS आदित्य म‍िश्रा-IAS पल्लवी मिश्रा? | ips aditya mishra dewas sp ias pallavi mishra amritsar adc general success story


भारतीय प्रशासन‍िक सेवा और भारतीय पुल‍िस सेवा में आईएएस-आईपीएस के तबादले सामान्य प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा होते हैं, लेकिन जब एक ही परिवार के दो अधिकारी भाई-बहन एक साथ नई जिम्मेदारियां संभालने जा रहे हों, तो कहानी कुछ खास बन जाती है. ऐसी ही कहानी इन दिनों मध्‍य प्रदेश कैडर के IPS अधिकारी आदित्य मिश्रा और उनकी छोटी बहन पंजाब कैडर IAS अधिकारी पल्लवी मिश्रा की है. 27 अक्‍टूबर 2026 को मध्य प्रदेश सरकार ने IPS अधिकारियों के तबादले किए, जिसमें आदित्य मिश्रा को बालाघाट के पुलिस अधीक्षक पद से देवास SP के रूप में नई जिम्मेदारी सौंपी गई. दूसरी ओर पंजाब सरकार ने 10 नवंबर 2026 को प्रशासनिक फेरबदल में 2023 बैच की IAS अधिकारी पल्लवी मिश्रा को अमृतसर का अतिरिक्त उपायुक्त (सामान्य) नियुक्त किया है. यानी भाई अब देवास जिले की कानून-व्यवस्था की कमान संभालेंगे, जबकि बहन पंजाब के प्रमुख शहर अमृतसर में प्रशासनिक जिम्मेदारियां निभाएंगी.

बड़े भाई को देखकर देखा UPSC का सपना

भाई-बहन की यह जोड़ी मध्‍य प्रदेश के भोपाल की रहने वाली है. पल्लवी मिश्रा के लिए सिविल सेवा का सपना किसी किताब या कोचिंग क्लास से पैदा नहीं हुआ था. उन्होंने अपने बड़े भाई आदित्य मिश्रा को करीब से देखा था, जो इंजीनियरिंग की पढ़ाई के बाद संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा पास कर 2018 बैच के IPS अधिकारी बने. भाई को खाकी वर्दी में जिम्मेदारी निभाते देख पल्लवी के मन में भी देश सेवा का जज्बा पैदा हुआ. जब उन्होंने UPSC की तैयारी शुरू की तो आदित्य उनके सबसे भरोसेमंद मार्गदर्शक बन गए. तैयारी की रणनीति, जवाब लेखन और मानसिक मजबूती, हर मोर्चे पर उन्होंने बहन का साथ दिया. 

ips aditya mishra dewas sp ias pallavi mishra amritsar adc general success story

ips aditya mishra dewas sp ias pallavi mishra amritsar adc general success story

बिना कोचिंग के हासिल की सफलता

पल्लवी मिश्रा ने दिल्ली की नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी से कानून की पढ़ाई की. इसके बाद संगीत में एमए किया और शास्त्रीय संगीत का भी गंभीर अध्ययन किया. लेकिन उनका अंतिम लक्ष्य सिविल सेवा में जाना था. पहले प्रयास में उन्हें असफलता मिली. वह प्रारंभिक परीक्षा पार करने के बावजूद मुख्य परीक्षा में चयनित नहीं हो सकीं. हालांकि उन्होंने हार नहीं मानी. अपनी गलतियों का विश्लेषण किया और खासतौर पर निबंध लेखन व उत्तर लेखन पर काम किया. कोचिंग की बजाय सेल्फ स्टडी पर भरोसा रखने वाली पल्लवी ने दूसरे प्रयास में UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2022 में ऑल इंडिया रैंक 73 हासिल कर ली. इसके साथ ही उनका IAS अधिकारी बनने का सपना पूरा हो गया. 

Latest and Breaking News on NDTV

एक तबादला चर्चा में, दूसरी नियुक्ति सुर्खियों में

दिलचस्प बात यह है कि हाल के दिनों में दोनों भाई-बहन अपने-अपने तबादलों और नई जिम्मेदारियों को लेकर चर्चा में हैं. आदित्य मिश्रा के बालाघाट से देवास जाने के बाद बालाघाट में उनके काम की काफी चर्चा हुई. वहीं पल्लवी मिश्रा को अमृतसर के अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर पद की जिम्मेदारी मिलने को उनके करियर का अहम पड़ाव माना जा रहा है.

परिवार से मिली ताकत

इनकी सफलता के पीछे परिवार की बड़ी भूमिका रही है. उनके पिता अजय मिश्रा वरिष्ठ अधिवक्ता हैं और मां प्रो. डॉ. रेणु मिश्रा वरिष्ठ वैज्ञानिक रही हैं. परिवार ने हमेशा दोनों बच्चों को अपने सपनों के लिए प्रेरित किया. आज मिश्रा परिवार की यह कहानी सिर्फ दो अफसर भाई-बहन की कहानी नहीं है, बल्कि इस बात का उदाहरण भी है कि सही मार्गदर्शन, निरंतर मेहनत और परिवार का सहयोग किसी भी लक्ष्य को हासिल करने में बड़ी भूमिका निभा सकता है.  

यह भी पढ़ें- IPS आदित्य मिश्रा के तबादले से भावुक हुआ बालाघाट, लोगों ने कहा- ऐसे SP फिर नहीं मिलेंगे 




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button