
क्या कभी किसी विधायक के ट्रांसफर के बारे में सुना है? सुनने में थोड़ा अजीब लगे, लेकिन ऐसा ही एक मामला चर्चा में है. राजस्थान में बीजेपी विधायक का तबादला कर दिया गया और बाकयदा इसकी लिस्ट भी सोशल मीडिया पर वायरल है. राजस्थान में बीते दिनों ट्रांसफर लिस्ट की भरमार रही. इसी दौरान, एक ट्रांसफर लिस्ट में डीग-कुम्हेर सीट से विधायक शैलेश सिंह का नाम भी जोड़ दिया गया. ट्रांसफर लिस्ट में बालोतरा जिले में पदस्थ बताते हुए विधायक का ट्रांसफर उनकी विधानसभा डीग में कर दिया गया.
पटवारियों की सूची में जोड़ा विधायक का नाम
दरअसल, पटवारियों के ट्रांसफर की लिस्ट जारी की गई थी. इसी ऑर्डर में 609वें क्रमांक पर डीग विधायक शैलेश सिंह का नाम जोड़ दिया गया. उनका ट्रांसफर नवोडा का बेरा, पाटोदी (बालोतरा) से सोमगांव (डीग) में कर दिया गया. ऑर्डर सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो सरकारी महकमे में हड़कंप मच गया.

NDTV राजस्थान इस वायरल पत्र की पुष्टि नहीं करता है.
पटवार मंडल में तैनात रिटायर्ड सैन्यकर्मी का होना था ट्रांसफर
जानकारी के अनुसार, नवोड़ा बेरा पाटोदी में पदस्थ पटवारी नरेंद्र सिंह सेवानिवृत सैन्यकर्मी है. उनका तबादला डीग होना था, लेकिन जारी आदेश में टाइपिंग की गलती से विधायक शैलेश सिंह डीग लिख दिया. राजस्व विभाग के सूत्रों की मानें तो टाइपिंग एरर के चलते यह गफलत हो गई.
इन सबके बीच, नरेंद्र सिंह के लिए ज्वाइनिंग कर पाना मुश्किल हो गया है. ऐसे में विभाग ने गलती मानते हुए संशोधित आदेश जारी करने की तैयारी कर ली है. फिलहाल इस टाइपिंग एरर की चर्चा खूब हो रही है. अधिकारियों ने कहा है कि जल्द ही शुद्धि पत्र जारी कर गलती को सुधारा जाएगा.
यह भी पढ़ेंः कौन हैं वो सांसद जिन्हें UN से आया बुलावा, संयुक्त राष्ट्र संघ के मंच पर पहली बार देंगे भाषण





