

बिहार सरकार ने एम्स पटना के बड़े विस्तार को मंजूरी दे दी है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को एम्स पटना का निरीक्षण किया और संस्थान के विभिन्न विभागों का जायजा लिया. उन्होंने सबसे पहले निर्माणाधीन बर्न एंड प्लास्टिक सर्जरी विभाग की नई इमारत का निरीक्षण किया. इसके बाद नाभिकीय चिकित्सा (न्यूक्लियर मेडिसिन) विभाग सहित कई अन्य विभागों का भ्रमण किया और भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और इलाज की व्यवस्था की जानकारी ली.
पटना AIIMS का होगा विस्तार
पटना AIIMS के निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि एम्स पटना के विस्तार के लिए बिहार सरकार 24 एकड़ अतिरिक्त भूमि उपलब्ध कराएगी. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि 15 दिनों के भीतर भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी कर ली जाए, ताकि विस्तार कार्य जल्द शुरू हो सके. मुख्यमंत्री ने कहा कि विस्तार के बाद एम्स पटना में 200 नए आईसीयू बेड जोड़े जाएंगे और कई नई सुपर स्पेशियलिटी सेवाएं शुरू की जाएंगी.
अब इलाज के लिए दिल्ली-मुंबई जाने की झंझट खत्म!
साथ ही ट्रॉमा सेंटर, कैंसर उपचार, लीवर ट्रांसप्लांट सहित अन्य अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं को और सशक्त बनाया जाएगा. उन्होंने कहा कि एम्स पटना के विस्तार से बिहार के मरीजों को उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाएं अपने राज्य में ही उपलब्ध होंगी. इससे गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए मरीजों की दिल्ली, मुंबई और अन्य बड़े शहरों पर निर्भरता काफी हद तक कम होगी.
AIIMS, पटना का निरीक्षण कर आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए।
एम्स, पटना के विस्तार हेतु 24 एकड़ भूमि उपलब्ध कराई जाएगी, बर्न पीड़ित मरीजों के लिए स्किन बैंक की व्यवस्था विकसित की जाएगी, एम्स से नाथूपुर तक 4 लेन सड़क निर्माण… pic.twitter.com/qnUj5LeB91
— Samrat Choudhary (@samrat4bjp) July 5, 2026
पटना एम्स से नाथूपुर 4-लेन का काम जल्द होगा पूरा
इस दौरान मुख्यमंत्री ने पटना एम्स से नाथूपुर तक प्रस्तावित चार लेन सड़क निर्माण कार्य को जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि इस सड़क के बन जाने से मरीजों, उनके परिजनों और आम लोगों को अस्पताल तक आने-जाने में काफी सुविधा होगी. सम्राट चौधरी ने बर्न मरीजों के उपचार को और प्रभावी बनाने के लिए एम्स में स्किन स्टोरेज (त्वचा भंडारण) की व्यवस्था विकसित करने में राज्य सरकार की ओर से पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया.
इसके अलावा सीएम सम्राट चौधरी ने ऑन्कोलॉजी विभाग, एनाटॉमी विभाग और ओपीडी का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं की समीक्षा की. एम्स परिसर स्थित तालाब का अवलोकन करते हुए मुख्यमंत्री ने उसके जीर्णोद्धार का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि तालाब को पर्यावरण संरक्षण के साथ पर्यटन एवं आकर्षण के केंद्र के रूप में विकसित किया जाए, ताकि यह लोगों के लिए एक सुंदर और उपयोगी स्थल बन सके. मुख्यमंत्री ने दोहराया कि राज्य सरकार एम्स, पटना के विकास से जुड़े सभी आवश्यक कार्यों में सक्रिय सहयोग करेगी, ताकि बिहार में आधुनिक और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का दायरा लगातार बढ़ाया जा सके.
यह भी पढे़ं-
पढ़ाई के समय प्यार, फिर शादी, अब BDO पति के ‘दूसरी महिला से अवैध संबंध’ ने ली पत्नी की जान?
DSP के प्रमोशन के दावे को सम्राट के मंत्री ने क्यों नकारा? भरत तिवारी एनकाउंटर पर CM को देंगे विस्तृत जानकारी





