

Apple Cucumber Detox Smoothie
Pexels
गर्मी और भागदौड़ भरे दिन में कई बार शरीर थका हुआ और सुस्त महसूस करने लगता है. ऐसे में कुछ ठंडा, हल्का और हेल्दी पीने का मन करता है जो तुरंत ताजगी दे सके. अगर आप भी रोज एक बेहतर और हेल्दी ड्रिंक की तलाश में रहते हैं, तो खीरा-सेब डिटॉक्स स्मूदी जरूर ट्राई करें. एक तरफ खीरा अपने हाई वॉटर कंटेंट के लिए जाना जाता है, वहीं सेब फाइबर और जरूरी पोषक तत्वों से भरपूर होता है. इन दोनों से तैयार होने वाली स्मूदी शरीर को हल्का महसूस कराने के साथ ताजगी भी देती है. खीरे में लगभग 95 प्रतिशत पानी होता है, जो शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करता है. वहीं सेब में मौजूद फाइबर पेट को लंबे समय तक भरा हुआ महसूस कराता है.
खीरा-सेब डिटॉक्स स्मूदी बनाने के लिए सामग्री-
- 1 मध्यम आकार का खीरा
- 1 सेब
- 1 कप ठंडा पानी या नारियल पानी
- 1 छोटा चम्मच नींबू का रस
- 1 छोटा चम्मच शहद
- कुछ बर्फ के टुकड़े
- कुछ पुदीने की पत्तियां
खीरा-सेब डिटॉक्स स्मूदी बनाने का तरीका-
- सबसे पहले खीरे और सेब को अच्छी तरह धो लें. सेब के बीज निकालकर दोनों को छोटे टुकड़ों में काट लें.
- अब ब्लेंडर में खीरा, सेब, नारियल पानी, नींबू का रस, शहद और बर्फ डालें. सभी चीजों को अच्छी तरह ब्लेंड कर लें.
- जब मिश्रण स्मूद हो जाए तो इसे गिलास में निकालें और ऊपर से पुदीने की पत्तियों से सजाकर सर्व करें.
यह स्मूदी शरीर में पानी की कमी को पूरा करने में मदद कर सकती है. सेब में मौजूद फाइबर पाचन को बेहतर बनाने में सहायक होता है. वहीं नींबू और पुदीना स्वाद बढ़ाने के साथ ताजगी भी देते हैं. यह ड्रिंक सुबह के नाश्ते या शाम के समय एक हेल्दी विकल्प बन सकती है.
यह भी पढ़े: कच्चे केले के छिलके से बनाएं ऐसी टेस्टी चटनी की इसे चखने वाले मांगेंगे दोबारा





