खबर

पिछले हफ्ते के शोर से आज के सन्नाटे तक… 7 दिनों में कितना बदल गया जंतर मंतर | Jantar Mantar clamor of last week today silence how much changed in seven days 


CJP के प्रदर्शन को समाप्त हुए सात दिन हो चुके हैं. इन सात दिनों में राष्ट्रीय स्तर पर कई अहम घटनाक्रम सामने आए. प्रधानमंत्री ने Gen Z के नाम संदेश दिया, तत्कालीन शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने अपने पद से इस्तीफा दिया, जिसके बाद प्रह्लाद जोशी ने शिक्षा मंत्री का कार्यभार संभाला. वहीं, संसद के दोनों सदनों से एंटी-पेपर लीक बिल भी पारित हो गया. इस दौरान Gen Z की शब्दावली से लेकर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तक चर्चा का विषय बने. ऐसे में प्रदर्शन खत्म होने के एक सप्ताह बाद शुक्रवार रात जंतर-मंतर का माहौल कैसा है, आइए जानते है. 

जंतर-मंतर से हटे टेंट और बैरिकेडिंग, आवाजाही सामान्य

जंतर-मंतर प्रदर्शन स्थल से टेंट और बैरिकेडिंग हटा दी गई है. इलाके में आम लोगों की आवाजाही पूरी तरह सामान्य हो चुकी है. हालांकि, संसद मार्ग से लेकर जंतर-मंतर के आसपास के पूरे इलाके में अब भी भारी संख्या में सुरक्षा बल तैनात हैं. दिल्ली पुलिस और रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के जवान लगातार मोर्चा संभाले हुए हैं. 

जंतर-मंतर पर अभी का महौल.

जंतर-मंतर पर अभी का महौल.

सुरक्षा व्यवस्था बरकरार, पुलिस ने बताई वजह 

मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने बताया कि संसद के मानसून सत्र को देखते हुए इलाके में सुरक्षा व्यवस्था फिलहाल जारी रहेगी. वहीं, RAF के जवानों से बातचीत करने की कोशिश की गई तो वे रात का भोजन कर रहे थे. उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर में अब पूरी तरह शांति है और उनकी मौजूदगी में किसी भी तरह की अव्यवस्था की संभावना नहीं है.

नारे मिटाए गए, लेकिन कुछ निशान अब भी बाकी 

प्रदर्शन के दौरान जिन बैरिकेडिंग पर सरकार विरोधी या अश्लील नारे लिखे गए थे, उन्हें साफ कर दिया गया है. हालांकि, इलाके के कुछ फुटपाथों पर लिखे गए नारे अब भी पिछले सप्ताह हुए प्रदर्शन की याद दिलाते हैं. 

Latest and Breaking News on NDTV

दुकानदारों पर भी पड़ा था प्रदर्शन का असर

जनपथ मेट्रो स्टेशन के पास, जो CJP के प्रदर्शन स्थल के पीछे का इलाका है, वहां सड़क किनारे कॉस्मेटिक का सामान बेचने वाले कानपुर के  मुकेश मिले. उन्होंने बताया कि प्रदर्शन के दौरान जितने दिन जंतर-मंतर पर गतिविधियां चलीं, उनकी दुकान बंद रही. करीब दो दिन पहले ही उन्होंने दोबारा दुकान लगाना शुरू किया है.

Latest and Breaking News on NDTV

प्रदर्शन समाप्त होने के सात दिन बाद जंतर-मंतर पर सामान्य गतिविधियां लौटती दिख रही हैं. आम लोगों की आवाजाही बहाल है और आसपास के छोटे कारोबार भी धीरे-धीरे पटरी पर लौट रहे हैं. वहीं, संसद के मानसून सत्र को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था अब भी पहले की तरह कायम है.

यह भी पढ़ें- इंटरनेशनल लेवल के प्लेयर की पत्नी ने की खुदकुशी, तीन साल पहले ही हुई थी शादी




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button