खबर

पंजाब में महिलाओं को एक हजार रुपये देने में तीन साल की देरी क्यों हुई? अरविंद केजरीवाल ने बताया | punjab moga rally arvind kejriwal rs 1000 women scheme bhagwant mann guarantees



मोगा (पंजाब): आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को मोगा में आयोजित एक विशाल रैली को संबोधित करते हुए पंजाब की भगवंत मान सरकार का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखा. पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 से पहले केजरीवाल के भाषण के केंद्र में महिलाओं को हर महीने दिए जाने वाले 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता योजना रही. इस दौरान उन्होंने खुलकर इस बात का जवाब भी दिया कि आखिर 2022 के इस सबसे बड़े चुनावी वादे को पूरा करने में सरकार को तीन से चार साल का वक्त क्यों लग गया. 

देरी पर केजरीवाल की सफाई- ‘हमें खाली खजाना मिला था’ 

पंजाब व‍िधानसभा चुनाव 2022 में महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये देने की गारंटी आम आदमी पार्टी का सबसे बड़ा चुनावी दांव था, लेकिन इसे लागू करने में हुई देरी को लेकर विपक्ष लगातार सवाल उठा रहा था. मंच से इस मुद्दे को छूते हुए केजरीवाल ने खुद स्वीकार किया कि इस वादे को जमीन पर उतारने में समय लगा. केजरीवाल ने कहा, “मैं मानता हूं कि माताओं और बहनों के खातों में एक-एक हजार रुपये पहुंचाने में हमें तीन से चार साल लग गए. लेकिन इसके पीछे एक बड़ी वजह थी. पिछली सरकारों ने पंजाब का पूरा खजाना लूट लिया था और जब हमने सत्ता संभाली, तो हमें खाली खजाना मिला था.” उन्होंने खुशी जताते हुए कहा कि तमाम आर्थिक चुनौतियों के बावजूद मान सरकार ने आखिरकार अपनी इस सबसे बड़ी गारंटी को पूरा कर दिखाया है. 

भगवंत मान की पीठ थपथपाई, गिनाए सरकार के काम

केजरीवाल ने मुख्यमंत्री भगवंत मान को अपना ‘छोटा भाई’ बताते हुए कहा कि उन्होंने साल 2022 में दी गई ‘केजरीवाल की सभी गारंटियों’ को एक-एक कर पूरा किया है. महिलाओं की आर्थिक मदद के अलावा उन्होंने मान सरकार की कई अन्य प्रमुख उपलब्धियां भी गिनाईं:

मुफ्त बिजली और स्वास्थ्य: राज्य में मुफ्त बिजली, मोहल्ला क्लीनिक और बेहतर होती स्वास्थ्य सेवाएं.

स्वास्थ्य बीमा और तीर्थ यात्रा: लोगों को 10 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा कवर और बुजुर्गों के लिए मुफ्त तीर्थ यात्रा योजना.

शिक्षा में बदलाव का वादा: सरकारी स्कूलों के कायाकल्प का जिक्र करते हुए केजरीवाल ने माना कि अभी यह काम पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है. उन्होंने वादा किया कि बच्चों को बेहतरीन शिक्षा देने के लिए बचे हुए सरकारी स्कूलों को भी अगले पांच सालों में अपग्रेड कर दिया जाएगा.

संविधान दिवस और स्थापना दिवस का भी जिक्र 

26 नवंबर की तारीख का विशेष उल्लेख करते हुए केजरीवाल ने कहा कि आज संविधान दिवस होने के साथ-साथ आम आदमी पार्टी का स्थापना दिवस भी है. उन्होंने कहा कि जनता ने उनकी पार्टी को संविधान की रक्षा करने की बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है. राजनीतिक जानकारों का मानना है कि मोगा की इस रैली के जरिए केजरीवाल ने 2027 के विधानसभा चुनाव का बिगुल फूंक दिया है और महिलाओं से जुड़ी इस योजना को अपनी सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि के तौर पर पेश कर महिला वोटरों को साधने की मजबूत कोशिश की है.  

यह भी पढ़ें | पंजाब पुलिस में 4 नए IPS की एंट्री, गौरव, पूर्वा, निहाल, गुरसिमरत कौन? DGP ने किया ग्रांड वेलकम 




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button