

नई दिल्ली:
पंचायत सीरीज ओटीटी प्लैटफॉर्म की सबसे पॉपुलर सीरीज में से एक है. शायद ही कोई ऐसा हो जिसने ये सीरीज ना देखी हो या इस बारे में जानते ना हों. इस सीरीज के फैन्स और इसे पसंद करने वालों में केवल आम जनता नहीं बल्कि हमारे देश के पीएम नरेंद्र मोदी तक शामिल हैं. तभी तो जब पंचायत के मशहूर बिनोद से आमना सामना हुआ तो वे उन्हें देखकर मुस्कुराते दिखे और शो के बारे में कुछ बात भी की. पीएम ने मुलाकात का वीडियो अपने इंस्टाग्राम पर शेयर किया और इसके साथ लिखा, बिनोद से कुछ बातें.
पीएम मोदी ने एक्टर दुर्गेश कुमार (भूषण) और अशोक पाठक (बिनोद ) से हाथ मिलाया. पीएम मोदी ने इंस्टाग्राम पर एक रील शेयर की जिसमें वे ‘पंचायत’ के स्टार्स से बातचीत करते दिखे. इस वीडियो में राम चरण और उनकी पत्नी उपासना कोनिडेला भी नजर आ रही हैं. मोदी ने आगे बढ़कर ‘पंचायत’ के स्टार्स से हाथ मिलाया. दुर्गेश और अशोक पीएम से मुलाकात करते हुए काफी खुश नजर आए. पीएम ने हाथ मिलाते हुए पूछा ‘पंचायत सुनता है या नहीं सुनता है’. पीएम की बातचीत तो मजेदार थी ही उनके कैप्शन से सभी का ध्यान खींचा.
सोशल मीडिया पर आए ऐसे रिएक्शन
अशोक पाठक ने रील पर कमेंट किया और हिंदी में लिखा, “प्यार और आशीर्वाद के लिए आभारी हूं”. फैन्स ने इस प्यारी मुलाकात पर रिएक्शन दिया और खूब कमेंट्स किए. ‘द वायरल फीवर’ के एक कमेंट में लिखा था, “इस साल की यह अनएक्सपेक्टेड और प्यारी मुलाकात बहुत पसंद आई.” एक और यूजर ने कहा, “इस साल का सबसे अनएक्सपेक्टेड कोलैबोरेशन.” एक ने शो का जिक्र करते हुए मजाकिया अंदाज में कहा, “अब होगा फुलेरा का विकास.”
कब आएगा पंचायत का सीजन 5?
बता दें कि चार सक्सेसफुल सीजन के बाद अब फैन्स को शो के पांचवें सीजन का इंतजार है. पंचायत के एक्टर्स ने शो के अगले सीजन के लिए एक्साइटमेंट को काफी बढ़ा दिया है. सीरीज की रिलीज डेट का खुलासा होना अभी बाकी है, लेकिन अमेजन प्राइम वीडियो ने अनाउंसमेंट की है कि नए एपिसोड इसी साल जल्द ही स्ट्रीम होने शुरू हो जाएंगे.
छह साल में बनी सुपरहिट
‘पंचायत’ सोशल मीडिया पर भी एक सेंसेशन बन चुका है. साल 2020 में पहली बार लॉन्च हुई ‘पंचायत’ ग्रामीण भारत के अपने असली रंग और एक गांव के पंचायत सचिव के रूप में काम करने वाले इंजीनियरिंग ग्रेजुएट के इर्द-गिर्द बुनी गई रिलेटेबल कहानी की वजह से बहुत जल्द लोगों की पसंदीदा बन गई. पिछले कुछ साल में, इस सीरीज ने अपनी सादगी, ह्यूमर और इमोशनल डेप्थ के लिए क्रिटिक्स से खूब तारीफें बटोरी हैं.
यह भी पढ़ें: 47 साल पुरानी हॉरर मूवी, खौफ ऐसा मां-बाप ने बेटी को लाल जोड़ा पहनाना कर दिया था बंद, 1 करोड़ की फिल्म ने कमाए 9 करोड़





