खबर

ना आटा गूंथने की झंझट, ना बेलने की मेहनत! 10 मिनट में बनाएं आलू पराठा | aloo paratha recipe without kneading dough easy breakfast recipe



हम में से कई लोग ऐसे हैं, जिन्हें सुबह उठते ही अगर आलू का पराठा नाश्ते में मिल जाए, तो पूरा दिन बन जाता है. लेकिन आटा गूंथने और स्टफिंग भरने के झंझट के कारण कई लोग आलू पराठा पसंद होने के बावजूद नहीं बनाते हैं. अगर आप भी इन्हीं वजहों से अपना पसंदीदा पराठा घर पर नहीं बना पाते हैं, तो परेशान न हों. हम यहां आपको आलू पराठा बनाने क एक आसान सी रेसिपी देंगे, जिसमें ना ही आपको आटा गूंथना है, ना ही बेलना और स्टफिंग की टेंशन है. यहां जानते हैं बिना आटा गूंथे और बेले कैसे बनाएं स्वादिष्ट आलू के पराठे?

बिना आटे गूंथे आलू पराठा कैसे तैयार करें?

आवश्यक सामग्री

आलू – 2 उबले हुए
गेहूं का आटा – 1 कप
बारीक कटा प्याज – 1 
हरी मिर्च बारीक कटी हुई – 2
हरा धनिया – कटा हुआ 2 बड़े चम्मच 
लाल मिर्च पाउडर – 1 छोटा चम्मच 
हल्दी – आधा चम्मच
अजवाइन – आधा चम्मच
नमक – स्वादानुसार
पानी – आवश्यकतानुसार
तेल या घी  – सेंकने के लिए जरूरत के अनुसार

बनाने की विधि

बिना आटे गूंथे आलू का पराठा तैयार करने के लिए सबसे पहले उबले हुए आलू को एक बड़े बाउल में अच्छी तरह मैश कर लें. अब इसमें गेहूं का आटा, प्याज, हरी मिर्च, हरा धनिया, लाल मिर्च, हल्दी, अजवाइन और नमक डालकर मिला लें. इसके बाद थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए ऐसा बैटर तैयार करें जो चीला के घोल से थोड़ा गाढ़ा हो. ध्यान रखें कि इसमें गांठें न रहें.

अब तवा गर्म करें और उस पर हल्का तेल लगाएं. एक बड़े चम्मच की मदद से तैयार मिश्रण को तवे पर डालें और चम्मच से फैलाकर पराठे का आकार दें. इसे मध्यम आंच पर पकाएं. जब एक तरफ से सुनहरा होने लगे तो ऊपर थोड़ा तेल या घी लगाकर पलट दें. दूसरी ओर से भी अच्छी तरह सेंक लें. दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने पर इसे प्लेट में निकाल लें. इसी तरह बाकी मिश्रण से भी पराठे तैयार कर लें.

परोसने का तरीका

इस झटपट आलू पराठे को दही, अचार, चटनी या मक्खन के साथ गर्मागर्म सर्व करें. यह रेसिपी बच्चों और बड़ों दोनों को पसंद आएगी. खास बात यह है कि इसमें परंपरागत आलू पराठे जैसा स्वाद मिलता है, लेकिन मेहनत और समय दोनों कम लगते हैं.

अगर सुबह नाश्ते की जल्दी हो या अचानक कुछ स्वादिष्ट खाने का मन करे, तो बिना आटा गूंथे बनने वाला यह आलू पराठा आपकी रसोई का नया फेवरेट बन सकता है. इसकी आसान विधि और स्वाद इसे हर किसी के लिए एक परफेक्ट क्विक रेसिपी बनाते हैं.

ये भी पढ़ें – आज क्या बनाऊं: एक कप सूजी और उबले आलू से बिना झंझट कम खर्च में बनाए कुरकुरा चटपटा नाश्ता




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button