खबर

नवादा में बालू माफिया का हमला, खनन विभाग की टीम को पीटा; जब्त ट्रैक्टर छुड़ाकर फरार | Nawada Sand mafia attack Mining department team beaten seized tractor taken back as assailants flee



बिहार के नवादा जिले में अवैध बालू कारोबार से जुड़े लोगों का दुस्साहस एक बार फिर सामने आया है. अवैध बालू परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करने गई खनन विभाग की टीम पर मंगलवार सुबह हमला कर दिया गया. इस हमले में दो खनन निरीक्षकों समेत चार लोग घायल हो गए. हमलावर जब्त किए गए दो ट्रैक्टरों में से एक ट्रैक्टर को जबरन छुड़ाकर मौके से फरार हो गए. घटना थाली थाना क्षेत्र के महेशपुर पुल के पास की बताई जा रही है.

सूचना के बाद शुरू हुई कार्रवाई

जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे खनन विभाग को सूचना मिली थी कि गोविंदपुर थाना क्षेत्र के करनपुर घाट में अवैध तरीके से बालू का परिवहन किया जा रहा है. सूचना मिलने के बाद विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए दो ट्रैक्टर जब्त कर लिए. इसके बाद दोनों वाहनों को गोविंदपुर थाना ले जाया जा रहा था.

रास्ते में घेरकर की मारपीट

खनन विभाग की टीम जब महेशपुर पुल के पास पहुंची तभी बाइक सवार कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया. आरोप है कि हमलावरों ने टीम के सदस्यों के साथ मारपीट शुरू कर दी. इस दौरान खनन निरीक्षक संतोष कुमार झा, सौरभ अभिषेक और दो होमगार्ड घायल हो गए. संतोष कुमार झा के हाथ में गंभीर चोट लगी है. हमले के दौरान हमलावर एक जब्त ट्रैक्टर को छुड़ाकर अपने साथ ले गए.

पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस सक्रिय हुई. पुलिस ने मौके से एक अन्य ट्रैक्टर और एक मोटरसाइकिल जब्त कर ली. खनन निरीक्षक सौरभ अभिषेक के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है. शुरुआती जांच में पता चला है कि हमलावर रोह थाना क्षेत्र के एक गांव के रहने वाले हैं. इसके बाद पुलिस ने रोह इलाके में भी छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान कुछ अन्य ट्रैक्टर और बाइक जब्त किए जाने की भी जानकारी सामने आई है.

एसपी बोले, दोषियों की तलाश जारी

नवादा के पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान ने बताया कि थाली थाना क्षेत्र में खनन विभाग की टीम पर हमले की सूचना मिली है. दो माइनिंग इंस्पेक्टर के घायल होने की पुष्टि हुई है. घटनास्थल से एक ट्रैक्टर और एक बाइक जब्त की गई है. रोह थाना क्षेत्र में भी लगातार छापेमारी की जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है.

पांच साल से जारी हैं हमले

नवादा में अवैध बालू कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करने वाली पुलिस और प्रशासनिक टीमों पर पिछले कई वर्षों से हमले होते रहे हैं. इसी साल मई में नारदीगंज क्षेत्र में जमादार नागेंद्र कुमार को ट्रैक्टर से कुचल दिया गया था. सिरदला में एक एसआई पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया गया था जबकि थाली और मेसकौर क्षेत्रों में भी पुलिस टीमों पर हमले हो चुके हैं. लगातार सामने आ रही घटनाएं बताती हैं कि जिले में अवैध बालू कारोबार प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है.

यह भी पढ़ें | पटना में वाटर मेट्रो सेवा शुरू, दीघा घाट से गांधी घाट तक चलेगी, जानें किराया और सुविधाएं




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button