

लंबे समय से चर्चा में बनी हुई रणबीर कपूर की फिल्म ‘रामायणम्’ आखिरकार सिनेमाघरों में दस्तक दे चुकी है. निर्माता नमित मल्होत्रा की इस बड़े बजट की फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच काफी उत्साह देखने को मिल रहा है. करीब 4000 करोड़ रुपये के बजट में तैयार हुई इस फिल्म में भारतीय महाकाव्य रामायण की कहानी को नए अंदाज में पेश करने की कोशिश की गई है. फिल्म रिलीज होने के साथ ही सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा तेज हो गई है. आम दर्शकों के साथ-साथ फिल्म और टीवी जगत की हस्तियां भी अपनी प्रतिक्रियाएं साझा कर रही हैं. इसी बीच पुरानी रामायण के लक्ष्मण यानी सुनील लहरी का रिव्यू भी सामने आया है.
नए लक्ष्मण रवि दुबे को देखकर खुश हुए सुनील लहरी
रामानंद सागर की लोकप्रिय टीवी सीरीज रामायण में लक्ष्मण का किरदार निभाकर घर-घर में पहचान बनाने वाले सुनील लहरी ने नई फिल्म में इस भूमिका को निभाने वाले रवि दुबे की तारीफ की है. उन्होंने अपने एक्स (X) अकाउंट पर फिल्म को लेकर प्रतिक्रिया साझा करते हुए बताया कि नए लक्ष्मण के किरदार में उन्हें जरूरी भावनाएं नजर आईं.
नई रामायण में लक्ष्मण के चरित्र में जो मासूमियत और इंटेसिटी झलकनी चाहिए वह झलक रही है, नई रामायण को सफलता के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ The innocence n intensity should b reflected in the character of Laxman is visible in new Ramayana. Hearty wishes 4the success of the new Ramayana. https://t.co/ypidQkyART
— Sunil lahri (@LahriSunil) November 5, 2026
सुनील लहरी ने अपने पोस्ट में लिखा कि नई रामायण में लक्ष्मण के चरित्र में जिस मासूमियत और इंटेंसिटी की उम्मीद की जाती है, वह दिखाई दे रही है. उन्होंने फिल्म की पूरी टीम को सफलता के लिए शुभकामनाएं भी दीं. सुनील की इस प्रतिक्रिया को नई फिल्म के कलाकारों के लिए खास माना जा रहा है. इसकी वजह यह है कि रामायण से जुड़े पुराने किरदारों की दर्शकों के मन में आज भी गहरी छाप है. ऐसे में इस भूमिका को निभाने वाले नए कलाकारों की तुलना पुराने कलाकारों से होना स्वाभाविक है.
रवि दुबे ने सुनील लहरी को कहा धन्यवाद
सुनील लहरी से तारीफ मिलने के बाद रवि दुबे ने भी उन्हें सम्मान के साथ जवाब दिया. उन्होंने कहा कि जब सुनील लहरी ने लक्ष्मण का किरदार निभाया था, तब वह काफी छोटे थे. लेकिन उनके अभिनय ने उस समय से लेकर आज तक देश के लोगों के दिलों में खास जगह बनाई हुई है.
रवि ने अपने संदेश में यह भी कहा कि रामायण के प्रति लोगों के जुड़ाव को मजबूत बनाने में सुनील लहरी का बहुत बड़ा योगदान रहा है. उन्होंने माना कि लक्ष्मण के रूप में सुनील आज भी दर्शकों के दिलों में बसे हुए हैं. ऐसे में उनसे तारीफ मिलना सिर्फ उनके लिए नहीं, बल्कि पूरी फिल्म की टीम के लिए गर्व और खुशी की बात है.
रवि ने आगे कहा कि सुनील लहरी और उनकी टीम का मकसद एक ही है. भगवान श्रीराम के नाम और उनकी कहानी को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाना. उन्होंने सुनील का दिल से आभार जताते हुए उनका आशीर्वाद बनाए रखने की कामना भी की और अपने संदेश का अंत जय श्रीराम के साथ किया.
दिवाली पर रिलीज हुई रामायणम् को लेकर दर्शकों में उत्साह
फिल्म ‘रामायणम्’ की रिलीज के साथ ही सोशल मीडिया पर इसके कलाकारों, कहानी और भव्यता को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं. रणबीर कपूर के साथ फिल्म में रवि दुबे का लक्ष्मण के रूप में नजर आना भी दर्शकों के लिए आकर्षण का विषय बना हुआ है. खास बात यह है कि सुनील लहरी जैसे अनुभवी कलाकार से मिली सकारात्मक प्रतिक्रिया ने फिल्म को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी और बढ़ा दी है. अब देखना होगा कि बड़े पर्दे पर रामायण की इस नई प्रस्तुति को दर्शकों का कितना प्यार मिलता है.





