खबर

दूरदर्शन का वो शो, जिसके थे 16,000 से ज्यादा एपिसोड्स, गणतंत्र दिवस पर हुई थी शुरुआत, 59 साल बाद भी आज तक देख रहे हैं लोग | doordarshan show which had 16000 plus episodes longest running show of india premiered on Republic Day people still watch



आज ओटीटी प्लेटफॉर्म और टीवी चैनलों पर हर हफ्ते नई-नई फिल्में और वेब सीरीज रिलीज होती हैं, लेकिन एक दौर ऐसा भी था जब मनोरंजन का सबसे बड़ा जरिया सिर्फ दूरदर्शन हुआ करता था. उस समय लोग अपने पसंदीदा कार्यक्रमों का समय याद रखते थे और सारे काम निपटाकर टीवी के सामने बैठ जाते थे. रामायण, महाभारत और चित्रहार जैसे कई लोकप्रिय कार्यक्रमों ने दर्शकों का दिल जीता, लेकिन एक शो ऐसा भी है जो इन सबसे पहले शुरू हुआ और आज भी लगातार प्रसारित हो रहा है. इस कार्यक्रम का नाम ‘कृषि दर्शन’ है. यह भारतीय टेलीविजन के सबसे लंबे समय तक चलने वाले कार्यक्रमों में शामिल है और इसके 16,000 से ज्यादा एपिसोड प्रसारित हो चुके हैं. यही वजह है कि इसका नाम लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में भी दर्ज किया जा चुका है.

दूरदर्शन का सबसे लंबा चलने वाला शो, आज भी देख रहे हैं लोग

कृषि दर्शन की शुरुआत 26 जनवरी 1967 को दूरदर्शन पर हुई थी. शुरुआत में यह कार्यक्रम दिल्ली और उसके आसपास के करीब 80 गांवों के किसानों को खेती से जुड़ी नई तकनीक, फसल प्रबंधन और सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के उद्देश्य से बनाया गया था. समय के साथ इसकी लोकप्रियता बढ़ती गई और यह देश के सबसे लंबे समय तक प्रसारित होने वाले टीवी कार्यक्रमों में शामिल हो गया. 59v साल बाद भी यह शो दर्शकों के बीच अपनी मौजूदगी बनाए हुए है और बड़ी संख्या में लोग इसे आज भी देखते हैं.

62 सीजन पूरे, अब DD किसान पर होता है प्रसारण

करीब पांच दशक तक कृषि दर्शन का प्रसारण दूरदर्शन पर किया गया. वर्ष 2015 में DD किसान चैनल शुरू होने के बाद इस कार्यक्रम को वहां शिफ्ट कर दिया गया. 1967 से 2015 तक यह शो दूरदर्शन की पहचान बना रहा, जबकि अब इसका प्रसारण DD किसान पर होता है. अब तक इसके 62 सीजन पूरे हो चुके हैं और 16,000 से अधिक एपिसोड प्रसारित किए जा चुके हैं. कार्यक्रम का उद्देश्य आज भी किसानों तक नई कृषि तकनीकों, वैज्ञानिक सलाह और सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाना है.

चित्रहार से भी आगे निकला यह शो

भारतीय टेलीविजन के इतिहास में चित्रहार भी बेहद लोकप्रिय कार्यक्रमों में गिना जाता है. यह शो करीब 40 साल तक टीवी पर प्रसारित हुआ और इसके लगभग 1,200 एपिसोड बनाए गए. हालांकि, एपिसोड्स और प्रसारण अवधि दोनों के मामले में कृषि दर्शन ने इस रिकॉर्ड को काफी पीछे छोड़ दिया. लगातार दशकों तक प्रसारित होने वाला यह कार्यक्रम भारतीय टेलीविजन इतिहास का एक अहम हिस्सा बन चुका है. बदलते दौर, नई तकनीक और ओटीटी प्लेटफॉर्म के आने के बावजूद कृषि दर्शन आज भी अपनी उपयोगिता और लोकप्रियता बनाए हुए है.

यह भी पढ़ें: ‘बाहुबली’ की राजमाता ने किया था 70s के दो सुपरस्टार्स के साथ डांस, आज भी सुपरहिट है ये सॉन्ग, 38 साल बाद फिर कर रहा ट्रेंड




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button