
PM Kisan Samman Nidhi 24th Installment: त्योहारों के इस सीजन में देशभर के किसानों के प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की राशि का बेसब्री से इंतजार है. दरअसल, 23वीं किस्त जून 2026 में आई थी, तब इस योजना के तहत 9.44 करोड़ से ज्यादा पात्र किसानों के बैंक खातों में डीबीटी (DBT) के जरिए लगभग 18,880 करोड़ की राशि भेजी गई थी. नियमों के मुताबिक इस योजना की किस्त हर 4 महीने बाद आती है. ऐसे में किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त अक्टूबर माह में आने की संभावना है.
हालांकि, इस संबंध में अभी तक सरकारी की ओर से कोई तारीख नहीं बताई है. इस बीच कृषि मंत्रालय की ओर से एक्स पर किए गए एक पोस्ट ने किसानों की धड़कन बढ़ा दी है. दरअसल, कृषि मंत्रालय ने साफ किया है कि eKYC, Aadhaar Seeding और Land Seeding अधूरे होने पर किस्त रोकी जा सकती है. जानिए क्या है इन तीनों वेरिफिकेशन को पूरा करने की आसान प्रक्रिया.

ऐसे करें ई-केवाईसी अपडेट
- ऑनलाइन तरीका: पीएम किसान पोर्टल (pmkisan.gov.in) पर जाकर eKYC विकल्प के जरिए आधार ओटीपी आधारित फ्री में ई-केवाईसी कर सकते हैं.
- ऑफलाइन तरीका: अगर मोबाइल नंबर आधार से लिंक नहीं है, तो नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर पर जाकर बायोमेट्रिक सत्यापन के जरिए eKYC पूरा करा सकते हैं.
ऐसे कराए बैंक खाते की आधार सीडिंग
पीएम किसान निधि का पैसा सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में DBT के जरिए के जरिए ट्रांसफर की जाती है. इसके लिए सिर्फ साधारण बैंक आधार लिंक होना काफी नहीं है. इसके लिए बैंक खाते का नेशनल पेमेंट कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) के सर्वर से Aadhaar Seeding होना जरूरी है. इसके लिए किसान अपनी बैंक शाखा में जाकर यह पता कर सकते हैं कि उनका खाता डीबीटी के लिए आधार सीडेड है या नहीं.
ऐसे करें भूमि का ऑनलाइन सत्यापन
योजना का लाभ केवल उन्हीं किसान परिवारों को मिलेगा, जिनके नाम पर खेती योग्य जमीन के वैध सरकारी दस्तावेज दर्ज हैं. लैंड सीडिंग चेक करने के लिए पोर्टल के Know Your Status सेक्शन में जाएं और चेक करें कि Land Seeding के आगे Yes लिखा है या No. अगर स्टेटस में No दिख रहा है, तो अपनी खतौनी, जमाबंदी और आधार की कॉपी लेकर अपने क्षेत्र के लेखपाल या पटवारी से संपर्क कर भूमि विवरण पोर्टल पर अपडेट कराना होगा.
पीएम किसान पोर्टल पर ऐसे चेक करें अपना स्टेटस
- आधिकारिक वेबसाइट pmkisan.gov.in पर जाएं.
- होमपेज पर Know Your Status विकल्प पर क्लिक करें.
- अपना रजिस्ट्रेशन नंबर और स्क्रीन पर दिख रहा कैप्चा कोड दर्ज करें.
- Get Data पर क्लिक करते ही आपके eKYC, Aadhaar Seeding और Land Seeding का स्टेटस (Yes/No) स्क्रीन पर आ जाएगा.
क्या है पीएम किसान सम्मान निधि
यह योजना भारत सरकार की एक बेहद लोकप्रिय और कल्याणकारी पहल है. इसका मुख्य मकसद देश के छोटे किसान परिवारों को आर्थिक रूप से मजबूती देना है. इस योजना के तहत सरकार लाभार्थियों को हर साल 6,000 रुपये तीन समान किस्तों में यानी 4 महीने के अंतराल में प्रदान करती है. सरकार ने इसे आगे भी सुचारू रूप से चलाने के लिए बड़ा कदम उठाया है. वर्ष 2026-27 से लेकर 2030-31 तक के लिए करीब 3.15 लाख करोड़ रुपये के बजट को स्वीकृति दे दी गई, जिससे देश के करोड़ों किसानों को लंबे समय तक वित्तीय सुरक्षा का भरोसा मिलेगा है.
यह भी पढ़ें- शुरू करें अपना डेयरी फार्मिंग बिजनेस, सरकार दे रही 50 प्रतिशत तक सब्सिडी, ऐसे मिलेगा लोन
कौन-कौन ले सकता है लाभ
देश के वे सभी छोटे, सीमांत व अन्य किसान परिवार इस योजना के हकदार हैं, जिनके नाम पर कृषि भूमि दर्ज है. इस योजना के नियमों के मुताबिक किसान परिवार में पति, पत्नी और उनके नाबालिग बच्चे शामिल माने जाते हैं. यानी एक परिवार में सिर्फ परिवार के मुखिया के नाम ही किसान सम्मान निधि की किस्त जारी की जाती है.
यह भी पढ़ें- गांव में जमीन या मकान का पट्टा कैसे बनवाएं? किसको मिलता है लाभ, कैसे करें आवेदन, लेखपाल से जानें प्रक्रिया





