खबर

दिल्ली : मंगोलपुरी की जूता फैक्ट्री में भीषण आग, 4 मजदूरों की मौत, 2 गंभीर; बेसमेंट से उठे धुएं ने ली जान | delhi mangolpuri shoe factory fire Accident four dead two injured footwear factory blaze


नई दिल्ली:

दिल्ली के मंगोलपुरी औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार रात एक दर्दनाक हादसे ने चार परिवारों की खुशियां छीन लीं. फेज-1 स्थित एक जूता निर्माण फैक्ट्री में रात करीब साढ़े नौ बजे भीषण आग लग गई, जिससे फैक्ट्री में मौजूद कई मजदूर धुएं और आग की चपेट में आ गए. राहत एवं बचाव अभियान के दौरान छह लोगों को अचेत अवस्था में बाहर निकाला गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर चार को मृत घोषित कर दिया गया. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और जांच शुरू कर दी गई है. NDTV के लिए किरणपाल की रिपोर्ट.

बेसमेंट से शुरू हुई आग

NDTV को प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगोलपुरी इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 में स्थित एक फुटवियर फैक्ट्री में शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे आग लगने की सूचना मिली. सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की कई टीमें मौके पर पहुंच गईं और बचाव अभियान शुरू किया गया. दमकल अधिकारियों के मुताबिक आग सबसे पहले फैक्ट्री के बेसमेंट में लगी थी. वहां से धुआं और आग ऊपरी मंजिलों तक फैल गई, जिससे फैक्ट्री में मौजूद लोग अंदर फंस गए.

छह लोगों को निकाला गया, चार की मौत

बचाव अभियान के दौरान दमकल कर्मियों ने फैक्ट्री के भीतर से छह लोगों को अचेत अवस्था में बाहर निकाला. सभी को तत्काल मंगोलपुरी स्थित संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल पहुंचाया गया. अस्पताल में डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो अन्य घायलों का इलाज जारी है. मृतकों की पहचान और हादसे के समय फैक्ट्री में मौजूद कुल कर्मचारियों की संख्या का पता लगाया जा रहा है.

जूता फैक्ट्री में आग लगने के बाद रेस्क्यू टीम एक्शन में

जूता फैक्ट्री में आग लगने के बाद रेस्क्यू टीम एक्शन में
Photo Credit: NDTV

तीसरी और चौथी मंजिल पर फंसे थे लोग

फायर अधिकारी एडीओ पारस कुमार ने बताया कि फैक्ट्री जूता निर्माण और भंडारण इकाई के रूप में इस्तेमाल की जा रही थी. भारी धुएं के कारण एक व्यक्ति तीसरी मंजिल की सीढ़ियों से बरामद किया गया, जबकि पांच अन्य लोगों को चौथी मंजिल से सुरक्षित निकाला गया. उन्होंने बताया कि दमकल कर्मियों ने आग को बेसमेंट तक सीमित रखने में सफलता हासिल की, जिससे आग पूरी इमारत में नहीं फैल सकी. आग पूरी तरह बुझा दी गई है और कूलिंग का काम जारी है.

फैक्ट्री मालिक को भेजा गया समन

आउटर जिला के डीसीपी विक्रम सिंह ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है. पुलिस ने फैक्ट्री मालिक को पूछताछ के लिए तलब किया है. इसके अलावा ठेकेदार और कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना के समय फैक्ट्री में कुल कितने मजदूर मौजूद थे.

धुएं से बढ़ी समस्या

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बेसमेंट में लगी आग के बाद भारी मात्रा में धुआं पूरे भवन में फैल गया था. माना जा रहा है कि कई लोग धुएं में फंसने के कारण बेहोश हो गए, जिन्हें बाद में दमकल कर्मियों ने बाहर निकाला.

जांच के बाद स्पष्ट होगी वजह

आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल सका है. पुलिस, दमकल विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं. हादसे के पीछे शॉर्ट सर्किट, सुरक्षा मानकों में लापरवाही या अन्य कारणों की भी जांच की जाएगी.

यह भी पढ़ें : नॉर्थ ब्लॉक में लगी आग, दमकल की कई गाड़ियां मौके पर, आग पर काबू पाया गया




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button