
मध्य प्रदेश कांग्रेस ने सनातन धर्म पर अपना फोकस बढ़ाते हुए एक बड़ा ऐलान किया है. कांग्रेस के सीनियर नेता दिग्विजय सिंह ने घोषणा की है कि 20 अक्टूबर से पार्टी ‘सनातन स्वाभिमान यात्रा’ की शुरुआत करेगी. यह यात्रा एमपी की धर्मनगरी उज्जैन से आरंभ होकर श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या तक जाएगी.
दिग्विजय सिंह ने कहा, “सन् 1988-89 में विश्व हिंदू परिषद ने रामशिला पूजन अभियान शुरू किया था. वैचारिक रूप से मैं विश्व हिंदू परिषद और RSS का विरोधी हूं लेकिन जब भगवान राम का मुद्दा उठा, तो मैं भी उसका हिस्सा बन गया. मैंने भी रामशिला पूजन अभियान के लिए दान दिया था लेकिन बाद में विश्व हिंदू परिषद, संघ और BJP ने जिस तरह से दान का गलत इस्तेमाल किया और दान के नाम पर लूट-खसोट की, उससे मुझे बहुत दुख हुआ.”
यह भी पढ़ें: सीधी के पटवारी सस्पेंड, बुजुर्ग की पीठ पर चढ़कर पार की थी नदी
VIDEO | Bhopal: Senior Congress leader Digvijaya Singh announces ‘Sanatan Swabhiman Yatra’ from Ujjain to Ayodhya starting October 20.
“In 1988-89, the Vishwa Hindu Parishad launched the Ramshila Pujan campaign. Ideologically, I am opposed to the Vishwa Hindu Parishad and the… pic.twitter.com/Gkfoa4MiwH
— Press Trust of India (@PTI_News) September 10, 2026
कांग्रेस नेता ने आगे कहा, “भगवान प्रभु राम हमारी आस्था के केंद्र हैं. राम मंदिर जन्मभूमि मंदिर के निर्माण का जो अभियान शुरू हुआ था, उसने एक बड़े आंदोलन का रूप लिया था, लेकिन अब लूटपाट हो रही है. इससे मुझे बहुत दुख हुआ. जिनसे भी मैं यह बात कहता हूं, वह भी मुझसे सहमत हैं. आखिर उन्होंने ऐसा क्यों किया? हमारी आस्था के बिंदु को, हमारे चंदे को आपने लूट लिया?”
‘शिव धाम से राम धाम तक होगी यात्रा’
दिग्विजय सिंह का दावा है कि राम मंदिर में हुई लूट से ये लोग गाड़ियां खरीद रहे हैं, मकान बना रहे हैं. सैकड़ों करोड़ों रुपये का घपला किया गया है, लोग बर्दाश्त नहीं करेंगे. उन्होंने कहा, “इन सब बातों को लेकर मैंने तय किया है कि दशहरा, 20 अक्टूबर को सनातन स्वाभिमान यात्रा आरंभ करेंगे. हम हर साल अधर्म पर धर्म की विजय के रूप में दशहरा मनाते हैं. इसी तरह यह यात्रा निकालेंगे. यह यात्रा शिवधाम से राम धाम तक लेकर जाएंगे.”
यह भी पढ़ें: गुना में आरक्षण के खिलाफ सवर्ण समाज की जनाक्रोश रैली, अर्थी निकाली