
दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर सियासी हलचल के बीच भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने रविवार (12 जुलाई) को मां पीतांबरा के दरबार में मत्था टेककर अपने चुनावी अभियान की शुरुआत की. प्रत्याशी घोषित होने के बाद यह उनका पहला पीतांबरा पीठ दौरा रहा, जहां उन्होंने मां का आशीर्वाद लेकर क्षेत्र की सेवा का संकल्प दोहराया.
पीतांबरा पीठ पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया. इस दौरान सेवढ़ा विधायक प्रदीप अग्रवाल समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे. धार्मिक दर्शन के बाद आशुतोष तिवारी ने कहा कि पार्टी ने उन्हें जनता की सेवा का अवसर दिया है और वे पूरी जिम्मेदारी के साथ इस भरोसे पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे.
‘नरोत्तम मिश्रा के कार्यकाल में विकास के कई आयाम स्थापित हुए’
उन्होंने आगे कहा, ”दतिया में पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के कार्यकाल में विकास के कई आयाम स्थापित हुए हैं. उनकी कोशिश होगी कि उन विकास कार्यों को नई गति मिले और क्षेत्र की जरूरतों के अनुरूप आगे की योजनाएं तैयार की जाएं.”
पीतांबरा पीठ में नरोत्तम मिश्रा के कुछ समर्थक भी रहे मौजूद
पीतांबरा पीठ में डॉ. नरोत्तम मिश्रा के समर्थक माने जाने वाले कुछ कार्यकर्ताओं की मौजूदगी भी चर्चा का विषय रही. इसे भाजपा के भीतर एकजुटता के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है, हालांकि पार्टी की ओर से इस संबंध में कोई औपचारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई.
आशुतोष तिवारी ने युवाओं को भी दिया खास संदेश
भाजपा प्रत्याशी ने युवाओं को भी विशेष संदेश दिया. उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाएं युवाओं के लिए नए अवसर पैदा कर रही हैं और युवा वर्ग को विकास की इस यात्रा में भाजपा का साथ देना चाहिए.
कार्यकर्ताओं के साथ चुनावी रणनीति पर भी चर्चा
पूजा-अर्चना के बाद आशुतोष तिवारी ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर आगामी चुनावी रणनीति पर भी चर्चा की. माना जा रहा है कि मां पीतांबरा के आशीर्वाद के साथ शुरू हुआ यह दौरा भाजपा के उपचुनाव अभियान की औपचारिक शुरुआत का संकेत है.
दतिया उपचुनाव: कांग्रेस ने किया प्रत्याशी का ऐलान, जानें कौन हैं घनश्याम सिंह, जिन्हें मिला टिकट
