

मोहाली:
1985 में आई जैकी श्रॉफ की एक फिल्म ‘तेरी मेहरबानियां’ बड़ी हिट साबित हुई थी. इस फिल्म में हीरो-हीरोइन, विलेन के साथ-साथ एक पालतू कुत्ते की भूमिका सबसे अहम थी. जो फिल्म के हिट होने की बड़ी वजह बनी थी. फिल्म में पालतू कुत्ते की वफादारी को बड़ी खूबसूरती से दिखाया गया था. जैकी श्रॉफ की इसी फिल्म की तर्ज पर पंजाब के मोहाली में एक पालतू कुत्ते रॉकी की मदद से हत्या के मामले का खुलासा हुआ. रॉकी की मदद से न सिर्फ उसके मालिक की हत्या का खुलासा हुआ बल्कि आरोपी को अब कोर्ट से भी सजा मिली.
जून 2021 में मोहाली के सुच्चा अचानक हुए थे लापता
दरअसल मामला जून 2021 का है. तब मोहाली के सुच्चा सिंह अचानक लापता हो गए थे. उनके परिजनों ने कई दिनों तक तलाश की, लेकिन सुच्चा नहीं मिले. तब मामला पुलिस तक पहुंचा. पुलिस ने भी काफी तलाश की, लेकिन उसका कुछ पत्ता नहीं चला.
पातलू कुत्ते रॉकी ने खोजा था सुच्चा का शव
इसी बीच परिजनों ने गौर किया कि सुच्चा के पालतू कुत्ते ‘रॉकी’ का व्यवहार अजीब हो गया था. वह बार-बार एक ही जगह पर जाता और वहां बैठ जाता था. कुत्ते के इस व्यवहार से शक होने पर परिवार ने पुलिस को सूचित किया. पुलिस ने उस जगह खुदाई की तो वहां से सुच्चा सिंह का बिना सिर का शव बरामद हुआ.
दोस्त ने ही की थी सुच्चा की हत्या
सुच्चा का सिरकटा शव मिलने के बाद पुलिस की जांच फिर से शुरू हुई. जांच के दौरान यह खुलासा हुआ कि सुच्चा की हत्या उसके दोस्त जागीर सिंह ने की थी. जांच में पता चला कि सुच्चा और जागीर एक साथ शराब पी रहे थे. बकरियों की खरीद-बिक्री को लेकर उनके बीच 40,000 रुपए को लेकर विवाद हुआ.
गुस्से में आकर जागीर सिंह ने तलवार से सुच्चा सिंह का सिर धड़ से अलग कर दिया और अपराध को छुपाने के लिए आरोपी ने सुच्चा सिंह के सिर और धड़ को दो अलग-अलग जगहों पर दफना दिया. जिसे बाद में सुच्चा के कुत्ते रॉकी ने तलाशा.
आरोपी को उम्रकैद की सजा, एक लाख का जुर्माना भी
अब इस मामले में एडिशनल डिस्ट्रिक्ट एंड सेशंस जज विक्रांत कुमार ने आरोपी जागीर सिंह को हत्या का दोषी पाते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई है. साथ ही उस पर 1 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया, जिसे पीड़ित की पत्नी को मुआवजे के रूप में दिया जाएगा. मामले में दो अन्य संदिग्धों को सबूतों के अभाव में बरी कर दिया गया.
यह भी पढ़ें – मालिक की अर्थी उठी तो थम गई पालतू कुत्ते की सांसें, 15 साल की वफादारी की इस कहानी ने सबको रुला दिया





