

पटना:
लोकआस्था के महापर्व छठ की समाप्ति के बाद अब लोगों के अपने काम पर लौटने का सिलसिला शुरू होने वाला है. दूसरे राज्यों में जाने वाले यात्रियों की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे (Indian Railways) ने कमर कस ली है. यात्रियों का सफर आरामदायक और सुरक्षित बनाने के लिए दानापुर रेल मंडल ने 16 से 25 नवंबर के बीच देश के अलग-अलग हिस्सों के लिए 182 स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है.
दरअसल, स्टेशन परिसर में अचानक भीड़ बढ़ने से रोकने के लिए रेलवे ने बहुत ही ठोस इंतजाम किए हैं. पटना जंक्शन, राजेंद्र नगर टर्मिनल, पाटलिपुत्र, दानापुर और आरा समेत मंडल के 12 प्रमुख स्टेशनों पर कुल 32 हजार वर्ग फुट क्षेत्र में विशाल होल्डिंग एरिया (Holding Area) तैयार किए गए हैं, ताकि ट्रेन आने से पहले यात्री यहां आराम से रुक सकेंगे.
यात्रियों की जरूरत की हर सुविधा रहेगी मौजूद
- शुद्ध पेयजल और प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था.
- त्वरित टिकट बुकिंग के लिए अतिरिक्त काउंटर.
- ट्रेनों की सटीक जानकारी देने के लिए मे आई हेल्प यू सहायता केंद्र.
वार रूम से होगी 24 घंटे निगरानी
भीड़ नियंत्रण और ट्रेनों के सुचारू संचालन के लिए स्टेशन स्तर से लेकर मंडल नियंत्रण कक्ष और मुख्यालय स्तर तक विशेष वार रूम बनाए गए हैं. इसके जरिए अलग-अलग विभागों के बीच बेहतर तालमेल बैठाकर किसी भी स्थिति में तुरंत फैसला लिया जा सकेगा. व्यवस्था को चाक चौबंद रखने के लिए रेलवे अधिकारियों की चौबीसों घंटे ड्यूटी लगाई गई है. इसके अलावा, स्टेशनों पर रेलवे सुरक्षा बल और टिकट जांच कर्मियों की अतिरिक्त तैनाती की गई है, ताकि सुरक्षा बनी रहे और बिना टिकट यात्रा करने वालों पर लगाम कसी जा सके. मांग बढ़ने पर ऑन-डिमांड अतिरिक्त ट्रेनें चलाने की भी योजना तैयार है.
ट्रैफिक प्लान और हेल्पलाइन से मिलेगी तुरंत मदद
स्टेशन के बाहर जाम की स्थिति न बने, इसके लिए सर्कुलेटिंग एरिया में खास ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है. इससे यात्रियों को स्टेशन में प्रवेश करने और बाहर निकलने में कोई परेशानी नहीं होगी. सफर के दौरान किसी भी समस्या या शिकायत के तुरंत समाधान के लिए यात्री रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 या रेल मदद पोर्टल का इस्तेमाल कर सकते हैं.
दानापुर के वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक अभिनव सिद्धार्थ ने सभी यात्रियों से अपील की है कि वे सुरक्षित यात्रा करें और स्टेशन या ट्रेन में चढ़ते समय धक्का-मुक्की न करें. किसी भी तरह की सहायता के लिए पास मौजूद रेलवे कर्मचारी से संपर्क करें. अपनी यात्रा को आसान बनाने में सहयोग दें और ट्रेनों का ताजा स्टेटस जानने के लिए एनटीईएस या रेलवे ऐप का उपयोग करें.





