

China Zoo Bear Job : अच्छी सैलरी वाली नौकरी हर कोई चाहता है, लेकिन अगर नौकरी की शर्त यह हो कि आपको पूरे दिन भालू बनकर रहना पड़े, तो क्या आप तैयार होंगे? सुनने में यह किसी फिल्म का सीन लग सकता है, लेकिन चीन के एक चिड़ियाघर ने सचमुच ऐसी नौकरी निकाली है. इस काम के बदले करीब 14 लाख रुपये सालाना सैलरी देने की बात कही गई है. हालांकि, इसके लिए सिर्फ भालू की पोशाक पहनना ही काफी नहीं होगा. नौकरी पाने वाले शख्स को एक ऐसी शर्त भी माननी होगी, जिसने इस विज्ञापन को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है.
क्या-क्या करना पड़ेगा भालू बनकर?
यह नौकरी चीन के हेनान प्रांत के लुओहे शहर स्थित लुओहे वन्यजीव चिड़ियाघर ने निकाली है. इसमें चुने गए व्यक्ति को काले भालू की पोशाक पहनकर पूरे चिड़ियाघर में घूमना होगा. इतना ही नहीं, आने वाले लोगों के साथ भी उसे भालू की तरह सिर्फ इशारों में बात करनी होगी और उसी की तरह व्यवहार करना होगा. इस नौकरी की सबसे दिलचस्प शर्त यह है कि कर्मचारी पूरे समय इंसानों की तरह बोल नहीं सकता. यानी ड्यूटी के दौरान एक भी शब्द बोलने की अनुमति नहीं होगी. अगर किसी आपात स्थिति में मदद की जरूरत पड़े, तभी वह भालू की तरह गुर्राने की आवाज निकाल सकता है.
विज्ञापन के मुताबिक, इस नौकरी के लिए महिला और पुरुष, दोनों आवेदन कर सकते हैं. हालांकि, आवेदक की उम्र कम से कम 18 साल होनी चाहिए और वह शारीरिक रूप से पूरी तरह स्वस्थ होना चाहिए. रोजाना छह घंटे की शिफ्ट में काम करना होगा.
सिर्फ पोशाक पहनना ही काफी नहीं
चिड़ियाघर ने साफ कहा है कि सिर्फ भालू की पोशाक पहन लेना ही काफी नहीं होगा. कर्मचारी को भालू जैसी हरकतें भी करनी होंगी. विज्ञापन में लोगों को मनमौजी और मजेदार अंदाज में भालू की नकल करने के लिए प्रोत्साहित किया गया है. माना जा रहा है कि जितनी स्वाभाविक एक्टिंग होगी, उतना ही लोगों का मनोरंजन होगा.
इस अनोखी नौकरी का विज्ञापन सामने आते ही सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. लोग इसे दुनिया की सबसे अजीब नौकरियों में से एक बता रहे हैं. कई यूजर्स ने मजाक में लिखा कि अगर अच्छी सैलरी मिल रही है, तो कुछ घंटों के लिए भालू बनना कोई बुरा सौदा नहीं है. वहीं कुछ लोग इस अनोखे आइडिया की भी जमकर तारीफ कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें – बिहार लोक सेवा आयोग ने उम्मीदवारों को किया अलर्ट, 72वीं परीक्षा के वायरल नोटिस को बताया फर्जी





